शिमला 28 फरवरी - पूर्व सांसद एवं मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती प्रतिभा सिंह ने आज यहां राजभवन में राज्यपाल श्रीमती उर्मिला सिंह से भेंट की। श्रीमती प्रतिभा सिंह ने बताया कि उन्होंने राज्यपाल से रेडक्रॉस सोसायटी की गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने बारे व्यापक विचार-विमर्श किया।
श्रीमती प्रतिभा सिंह ने कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी एक ऐसी अन्तर्राष्ट्रीय संस्था है, जिसके माध्यम से गरीब और जरूरतमंद लोगों की सहायता करने का पुण्य प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य में रेडक्रॉस की गतिविधियों का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है कि यहां कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के रहते गरीब और साधनहीन लोगों को अनेक प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है और पहाड़ों में अनेक प्राकृतिक आपदाओं से जूझना पड़ता है।
श्रीमती प्रतिभा सिंह ने रेडक्रॉस की गतिविधियों में अधिक से अधिक लोगों विशेषकर स्वयंसेवी संस्थाओं, युवक मंडलों और महिला मण्डलों को शामिल करने की आवश्यकता पर बल दिया ताकि गरीब और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए अधिक लोगों को जोड़कर समुचित संसाधन जुटाए जा सके।
पूर्व सांसद ने उद्योगपतियों और धनाढय़ लोगों से आग्रह किया कि वे रेडक्रॉस फंड के लिए दिल खोल कर दान दें ताकि इस पुण्य कार्य के लिए समुचित मात्रा में संसाधन उपलब्ध कराये जा सकें। उन्होंने रेडक्रॉस की गतिविधियां पिछड़े और दूरदराज क्षेत्रों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।