चंडीगढ़, 28 फरवरी - मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने वर्ष 2013-14 के केन्द्रीय बजट को निवेश एवं विकासोन्मुखी, मुद्रास्फीति विरोधी एवं गरीब-हितैषी तथा समावेशी, समान एवं सतत् विकास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बनाया गया बजट बताते हुए सराहना की है।
वित्तमंत्री पी चिदम्बरम द्वारा आज लोक सभा में प्रस्तुत बजट प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए हुड्डा ने फसल विविधीकरण का एक कार्यक्रम शुरू करने के लिये 500 करोड़ रुपये के आबंटन प्रस्ताव की सराहना की और कहा कि इससे तकनीकी अभिसरण को बढ़ावा मिलेगा तथा किसान वैकल्पिक फसलों का चयन करने के लिये प्रोत्साहित होंगे। हुड्डा ने कहा कि यह बहुत उत्साहजनक है कि यह कार्यक्रम मूल हरित क्रांति राज्यों में क्रियान्वित किया जायेगा, जो स्थिर पैदावार तथा जल संसाधनों के अधिक दोहन की समस्या का सामना कर रहे हैं और जिसका समाधान फसल विविधीकरण में है।
हुड्ड ने स्मरण कराया कि प्रधानमंत्री द्वारा उनकी अध्यक्षता में गठित कृषि उत्पादन पर एक वर्किंग ग्रुप ने कृषक समुदाय के हित में ऐसी योजनाओं की सिफारिश की थी। उन्होंने कहा कि ऐसी पहलें यूपीए सरकार की किसान हितैषी नीतियों को प्रतिबिम्बित करती हैं।
मुख्यमंत्री ने पीएमजीएसवाई-॥ शुरू करने तथा इस नये कार्यक्रम, जिससे हरियाणा को अत्यधिक लाभ होगा, के लिये धन राशि का एक हिस्सा आबंटित करने के प्रस्ताव का भी स्वागत किया।
कृषि अनुसंधान पर विशेष बल, कृषि क्षेत्र के लिए अधिक आबंटन, ब्याज दर में छूट योजना का विस्तार तथा कृषि क्षेत्र के लिए अधिक ऋण से देश की कृषि अर्थव्यवस्था के विकास को बढ़ावा मिलेगा।
हुड्डा ने कहा कि किसानों ने खाद्यान्नों के उत्पादन में नया रिकार्ड स्थापित करके यूपीए सरकार द्वारा उठाये गये कल्याणकारी कदमों का समर्थन किया है और आज बजट में उल्लिखित कदम उनके आत्मविश्वास को और बढ़ायेंगे।
पी चिदम्बरम ने यूपीए अध्यक्षा सोनिया गांधी और प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के कुशल मार्गदर्शन में अर्थव्यवस्था के विकास के अवसर सृजित करने और सामाजिक-आर्थिक उद्देश्यों की प्राप्ति के लिये संसाधन जुटाने का अच्छा कार्य किया है।
हुड्डा ने कहा कि सामाजिक क्षेत्र पर विशेष बल एवं अधिक आबंटन से केवल महिलाएं, बच्चे, पिछड़े वर्ग और अल्पसंख्यक ही लाभान्वित नहीं होंगे अपितु इससे सामाजिक असामनताओं को कम करके उसे समान स्तर पर लाने में भी मदद मिलेगी। इसीप्रकार, स्वास्थ्य और शिक्षा के लिये अधिक आबंटन जनता के स्वास्थ्य के प्रति यूपीए सरकार की वचनबद्घता को दर्शाता है।