पंचकूला - हरियाणा कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी ने कम्प्यूटर टीचर्ज पर लाठीचार्ज और पानी की बौछारें छोडऩे के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में भाजपा सरकार की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा लाठीचार्ज के कारण 30 से ज्यादा टीचर्ज घायल हो गए, जिसमें 10 महिलाएं भी थीं परंतु फिर भी इसे न रोकना निंदनीय है। पूर्व आबकारी एवं कराधान मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार को कम्प्यूटर टीचर्ज की मांगों को पूरा करने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिएं जो कि 100 दिनों से ज्यादा आंदोलन कर रहे हैं और 13 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं।
आमरण अनशन पर बैठे महिला व पुरुष टीचरों का समर्थन करते हुए कांग्रेस नेता ने उनकी बिगड़ रही हालत पर गहरी चिंता जताई और 2013 में भर्ती शिक्षकों को पुन: विभाग में रखने की मांग की है। अपने बयान में चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार को आंदोलन कर रहे टीचर्ज की सभी मांगों को जल्द से जल्द पूरा करना चाहिए और यदि ऐसा नहीं हुआ तो यह आंदोलन पूरे प्रदेश में हो सकता है और स्थिति नियंत्रण से बाहर हो सकती है। भाजपा सरकार द्वारा किए गए चुनावी वादों को पूरा न करने की विफलता के कारण आज प्रदेशभर में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को आंदोलन करने पड़ रहे हैं। इन सब के कारण राज्य में आंदोलन का माहौल बन गया है जिस कारण कार्यप्रणाली पर बुरा असर हो रहा है। सरकार से मांग करते हुए चौधरी ने कहा कि अब सही समय आ गया है सरकार जनता और कर्मचारियों से किए चुनावी वादों को पूरा करे।