अंबाला - जिला में बागबानी के प्रति किसानों का रूझान बढ़ रहा है और इस क्षेत्र में नए फलदार पौधे लगाने के साथ-साथ किसानों द्वारा आधुनिक तकनीक को भी अपनाया जा रहा है। जिला में पोलीहाउस के माध्यम से सब्जियां उगाने के लिए आठ हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में पोलीहाउस स्थापित किए गए हैं और चार हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में पोलीहाउस स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है। उपायुक्त मनदीप सिंह बराड ने बताया कि वर्तमान वित्त वर्ष जून माह के अंत तक जिला में 899 टन फलों का उत्पादन हुआ है। इसी प्रकार 561 हेक्टेयर क्षेत्र में किसानों द्वारा सब्जियां उगाई गई हैं और इस क्षेत्र में 4307 टन सब्जियों का उत्पादन हुआ है।
उन्होंने बताया कि किसानों को सब्जियों के उत्पादन की वैज्ञानिक और आधुनिक तकनीक के साथ भी जोड़ा जा रहा है। अब तक आठ हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में पोली हाउस की स्थापना की जा चुकी है। इसी प्रकार चार हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में नेट हाउस स्थापित किए जा चुके हैं और 12 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में इस तरह के नेट हाउस स्थापित करने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि सब्जी और फल उत्पादक किसानों को विभाग द्वारा प्लास्टिक के्रट 80 प्रतिशत अनुदान पर दिए जाते हैं। सब्जी उत्पादक किसानों को आधुनिक कृषि के लिए मिनी किट भी उपलब्ध करवाई जाती है। उन्होने कहा कि बागबानी अधिकारियों को निर्देश दिए गए है कि वे जिला में आम, अमरूद, लिचि व भौगोलिक स्थिति में मुताबिक अन्य फलों के बाग लगाने के लिए प्रेरित करें। उन्होने यह भी कहा कि अधिकारी अधिक से अधिक किसानों को संपर्क करें और उनके बीच बैठकर विभाग की योजनाओं की जानकारी दें।