चंडीगढ़ - पंजाब और हरियाणा के राज्यपाल तथा केंद्र शासित चंडीगढ़ के प्रशासक प्रोप्त कप्तान सिंह सोलंकी ने पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डा. एपीज अब्दुल कलाम के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रो. सोलंकी ने कहा कि डा. कलाम के निधन से देश ने एक ऐसे महान वैज्ञानिक और देश को 21वीं सदी की महाशक्ति बनाने का वैज्ञानिक दृष्टिकोण प्रस्तुत करने वाला दार्शनिक खो दिया है जिसकी क्षतिपूर्ति असंभव है।
उन्होंने कहा कि डा. कलाम ने एक वैज्ञानिक के रूप में नवीनतम तकनीक और प्रौद्योगिकी विकसित करने में अग्रणी भूमिका निभाई और 2002 में राष्ट्रपति बनने के बाद देश का मार्गदर्शन कर फिर से विश्व की महान शक्ति बनाने की राह प्रशस्त की। यही नहीं राष्ट्रपति के रूप में अपना कार्यकाल समाप्त होने पर भी उन्होंने वर्तमान पीढ़ी को प्रेरित करने के लिए निरंतर अथक प्रयास किए। डा. कलाम की आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में हमने जो उपलब्धियां हासिल कीं उनके लिए देश को सदैव गर्व रहेगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने देश के पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न एपीजे अब्दुल कलाम के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख एवं शोक व्यक्त किया है। श्री खट्टर ने अपने एक शोक संदेश में कहा कि डा. कलाम एक महान वैज्ञानिक थे और उन्हें देश के मिसाइल मैन के रूप में जाना जाता है।
उन्होंने वर्ष 1974 में देश के पहले परीक्षण के बाद डा. कलाम ने 1998 में पोखरण-द्वितीय परमाणु परीक्षण में भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। डा. कलाम की उपलब्धियों तथा उनकी देश के प्रति समर्पित उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें पद्मभूषण और भारत रत्न से भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि डा. कलाम के निधन से देश को अपूरणीय क्षति हुई है तथा उसने एक महान राजनेता और सर्वश्रेष्ठ वैज्ञानिक खो दिया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति हार्दिक समवेदना व्यक्त की और ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की कामना की। राज्य की मंत्रिपरिषद के सदस्यों .प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष सुभाष बराला ने भी डा. कलाम के निधन पर गहरा दुख एवं शोक व्यक्त किया है तथा इसे देश के गहरी एवं अपूरणीय क्षति बताया है।
पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने पूर्व राष्ट्रपति डा. अब्दुल कलाम के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और इसे देश के लिए अपूरर्णीय क्षति बताया है। श्री बादल ने जारी एक शोक संदेश में कहा कि डा. कलाम एक विशाल एवं बहुमुखी शख्सियत , विद्वान और परमाणु वैज्ञानिक तथा युवाओं के लिए प्रेरण स्रोत थे। उन्होंने कहा कि डा. कलाम को देश तथा समाज के दबे कुचले वर्ग के प्रति की गई उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सदैव याद रखा जाएगा।