चण्डीगढ़ : हरियाणा पुलिस ने रोहतक में कच्चा बेरी रोड़ निवासी एक व्यापारी के यहां लूटपाट करने वाले मुख्य आरोपी समेत दो युवकों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चालीस हजार रुपए की नकदी व जेवरात बरामद किए हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए हरियाणा पुलिए प्रवक्ता ने बताया कि पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि व्यापारी के नौकर रहे व मामले में मुख्य आरोपी ने ही इस वारदात की साजिश रची थी और अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि ॒आठ जनवरी की शाम को रोहतक के कच्चा बेरी रोड़ निवासी रस्सा व्यापारी प्रवीन कुमार की मां व बेटी को बंधक बनाकर तीन नकाबपोश युवक नकदी व जेवरात लूट ले गए थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने व्यापारी व परिजनों से पूछताछ की। जब पुलिस को यह पता चला कि करीब डेढ़ माह पहले व्यापारी के नौकर मनोज नौकरी छोड़कर चला गया था और उसने ही दूसरे मकान में सामान शिफ्ट कराने में मदद की थी। पुलिस टीम ने अंदर खाते मनोज की तलाश शुरु कर दी।
पुलिस को सूचना मिली कि भिवानी रोड़ पर प्रवीन का नौकर रहा मनोज किसी वाहन के इंतजार में खड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंच मनोज को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान मनोज ने पूरे मामले का पटाक्षेप करते हुए लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकारी। पुलिस ने मनोज की निशानदेही पर अंबेडकर कालोनी निवासी संदीप को भी काबू किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चालीस हजार रुपए की नकदी व जेवरात बरामद किए। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।