हिसार 27 फरवरी - कन्या गुरुकुल घिराय का 12वां वार्षिकोत्सव गुरुकुल प्रांगण में धूमधाम से मनाया गया। वार्षिकोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में चौ. विरेन्द्र सिंह सांसद राज्यसभा एवं राष्ट्रीय महासचिव कांग्रेस उपस्थित थे जिन्होंने बहुउद्देश्यीय हॉल का उद्घाटन किया व गुरुकुल को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता छबीलदास गोयल ने की व विशिष्ट अतिथि के रूप में ओमप्रकाश गुप्ता फरीदाबाद वाले ने 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाली यज्ञशाला का शिलान्यास किया। इस अवसर पर छबीलदास गोयल ने छात्रावास पंडित नेकीराम शास्त्री ब्लॉक का उद्घाटन किया जिस पर 25 लाख रुपये की लागत आएगी। कार्यक्रम का शुभारंभ गुराना गौशाला के प्रधान औमप्रकाश शर्मा (बधावड़) ने ध्वजारोहण कर किया। चौ. विरेन्द्र सिंह को डा. ज्ञानी राम घिराय ने बूरा खाप की नौ गांवों की तरफ से पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया व उनका स्वागत किया।
गुरुकुल प्रधान भगत देवराज गुप्ता व प्राचार्या सुनीता आर्या ने बताया कि समारोह में गुरुकुल की छात्राओं ने अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जिसमें ‘इलेक्शन सरपंच का’ नामक नाटिका में दिखाया गया कि गांवों के विकास में भ्रष्टाचार किस प्रकार बाधक है।
कार्यक्रम में उपस्थित हजारों लोगों को संबोधित करते हुए चौ. विरेन्द्र सिंह ने कहा कि आज समाज को कन्या गुरुकुलों की बहुत आवश्यकता है क्योंकि हमारे समाज को अच्छी शिक्षा के साथ-साथ संस्कार भी जरूरी है क्योंकि हमारी संस्कृति लुप्त होती जा रही है ऐसे में अच्छी शिक्षा और संस्कार केवल गुरुकुल ही प्रदान कर सकते हैं।
उन्होंने बोर्ड मैरिट, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तथा प्ले फॉर इंडिया की वजीफा लेने वाली अन्य प्रतिभाशाली छात्राओं को पुरस्कृत किया।
उन्होंने बताया कि भक्त देवराज की अध्यक्षता में छात्राओं ने डंबल, लेजियम तथा योगा का भव्य प्रदर्शन किया जिसे देखकर उपस्थित सभी लोग मंत्र-मुग्ध रह गए। इस अवसर पर प्रसिद्ध जादूगर सम्राट अशोक ने जादू का खेल दिखाकर सभी को हैरान कर दिया। प्रधान देवराज भगत ने आने वाले सभी अतिथियों तथा अभिभावकों का हार्दिक आभार व्यक्त किया तथा शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।