बहादुरगढ़ - हरियाणा के झज्जर जिला के बहादुरगढ़ में रविवार को दो जिंदा हैंड ग्रेनेड और 100 से ज्यादा डेटोनेटर्स मिले। विस्फोटकों को डिफ्यूज करने के बाद इस बात की जांच की जा रही है कि ये कहां से आए। बता दें कि बीते बुधवार को ही हरियाणा के कुरुक्षेत्र के शाहाबाद कस्बे के नजदीक रेलवे लाइन के पास सात जिंदा मोर्टार मिले थे। इन्हें सेना का बताया गया था। बहादुरगढ़ के नूना माजरा गांव में रविवार सुबह नौ बजे के करीब गांववालों ने इन ग्रेनेड्स और डेटोनेटर्स को देखा।
ये एक पावर हाउस के करीब पड़े मिले। इसके बाद, गांववालों ने पुलिस को जानकारी दी। विस्फोटक को डिफ्यूज करने गुडग़ांव से बम स्क्वायड पहुंचा। टीम के इंचार्ज एएसआई राकेश ने बताया कि यह हाइली एक्सप्लोसिव मटीरियल था। ऐसे हथगोले और डेटोनेटर सेना के ही हो सकते हैं। इन्हें जानबूझकर खाली जगह में रखा गया था, ताकि विस्फोट होने की स्थिति में भी ज्यादा नुकसान न हो। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ये विस्फोटक सेना की किस यूनिट के हैं।