कुल्लू - मणिकर्ण साहिब जा रही पंजाब के श्रद्धालुओं की बस गुरुवार शाम करीब सवा चार बजे भुंतर के सरसाड़ी के समीप अनियंत्रित होकर उफनती पार्वती नदी में समा गई, जिससे बस में सवार 54 लोगों में से 31 पानी की तेज धारा में बह गए। खबर लिखे जाने तक छह शव बरामद कर लिए गए थे, जबकि हादसे में घायल 21 सवारियों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार स्लाइडिंग प्वाइंट पर बाइक को बचाने के प्रयास में गुरुकृपा बरनाला ट्रांसपोर्ट की टूरिस्ट बस का चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। अभागी बस पहाड़ी से टकराने के बाद बेहद संकरी सडक़ से नीचे गहरी खाई में लुढक़ गई।
बस के परखच्चे उड़ गए और पार्वती में आई बाढ़ ने 52 सीटर बस को अजगर की तरह निगल लिया। 54 सवारियों से भरी बस संख्या (पीबी-19एम, 3085) के साथ अनहोनी घटने से 31 श्रद्धालु पार्वती नदी में बह गए। पार्वती के रौद्र रूप का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नदी में समाने के बाद बस का कहीं अता-पता नहीं चल रहा। गनीमत यह रही कि सडक़ से नीचे लुढक़ने के दौरान 21 श्रद्धालु छिटक कर बाहर गिर गए, जिन्हें तुरंत रेस्क्यू करते हुए जोनल अस्पताल कुल्लू में उपचार के लिए भर्ती किया गया है। अधिकतर घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। खबर लिखे जाने के समय आधा दर्जन गंभीर घायलों को पीजीआई, चंडीगढ़ रैफर करने की तैयारी चल रही थी। वहीं, घटनास्थल से छह लोगों के शव बरामद कर लिए गए थे।
उधर, सूचना मिलते ही उपायुक्त राकेश कंवर ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की कमान अपने हाथ में ले ली और पंजाब सरकार को भी जानलेवा सडक़ हादसे की सूचना दे दी गई है। कुल्लू प्रशासन की ओर से फौरी राहत बांटी गई है। हिमाचल के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मणिकर्ण साहिब के दर्शन करने जा रहे पंजाब के बरनाला शहर के श्रद्धालु मंजिल के करीब पहुंचने से पहले ही अनहोनी का शिकार हो गए। सरसाड़ी गांव के समीप बेहद खस्ता हाल सडक़ पर यह दर्दनाक हादसा पेश आया है। भुंतर से करीब चार बजे बस मणिकर्ण के लिए आगे बढ़ी और करीब पांच किलोमीटर का फासला तय करते ही पहाड़ी से टकराने के बाद करीब सौ मीटर नीचे बह रही पार्वती नदी में लुढक़ गई। समूचा इलाका घायलों की चीखो-पुकार से गूंज उठा।
एक पल भी गंवाए ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ते हुए राहत एवं बचाव कार्यों में जुट गए। पुलिस, प्रशासन के साथ ही पैरामिलिट्री फोर्स, एसएसबी तथा आईटीबीपी के जवानों ने 21 घायलों को रेस्क्यू कर उन्हें एंबुलेंस के जरिए जोनल अस्पताल पहुंचाया। जरी पुलिस चौकी के प्रभारी एएसआई धर्म चंद ने बताया कि सूचना मिलते ही वह जवानों के साथ मौके पर पहुंच गए थे। कुल्लू में फायर ब्रिगेड के जवान भी मौके पर पहुंचे हुए थे। सरसाड़ी गांव के निवासी मोहनलाल शर्मा ने बताया कि जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे बस पार्वती नदी की बाढ़ में समा चुकी थी। कुल्लू के उपायुक्त राकेश कंवर ने बताया कि स्लाइडिंग प्वाइंट पर पेश आए हादसे के कारणों की तकनीकी जांच भी शुरू की गई है।