हिसार, 27 फरवरी: महंगाई की मार झेल रही देश की जनता पर कांग्रेस ने एक बार फिर से रेल बजट के माध्यम से बोझ डाला है। फ्यूल सरचार्ज के नाम तरह-तरह की बढ़ोतरी करके कांग्रेस ने आम आदमी की जेब ढीली करने की तैयारी कर ली है। इसके अलावा साल में 2 बार यात्री किराए व माल भाड़ा में वृद्धि किए जाने का फैसला पूरी तरह से जनविरोधी है। यह बात इंडियन नेशनल लोकदल के प्रदेश उपाध्यक्ष रामभगत गुप्ता ने कही।
उन्होंने कहा कि रेल गरीब व आम आदमी के यातायात का मुख्य साधन है और आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण ज्यादातर लोग रेलों में यात्राएं करते हैं, परंतु कांग्रेस ने सदैव उसी गरीब व आम आदमी को बर्बाद करने का षडयंत्र रचा है, जिसकी वह दुहाई देती है कि कांग्रेस का हाथ गरीब आदमी के साथ है, परंतु पिछले 8 सालों के कुशासन की बदौलत कांग्रेस का हाथ गरीब आदमी के गले से होते हुए उसके पेट जा पहुंचा है।
इनेलो उपाध्यक्ष ने कहा कि यूपीए कार्यकाल में पेश किए गए सभी बजटों में से यह बजट पूरी तरह से निराशाजनक और अदूरदर्शी है। इसमें सिर्फ सोनिया गांधी को खुश करने की कोशिश की गई है और उसके ससंदीय क्षेत्र में अनेक घोषणाएं दर्शाती हैं कि रेलमंत्री पवन कुमार बंसल को सिर्फ रायबरेली ही याद रहा। हरियाणा के लिए सोनीपत कोच फैक्टरी की घोषणा को छोडक़र रेल बजट पूरी तरह से निराशाजनक रहा। प्रदेशवासी अनेक नई रेलगाडिय़ों की बाट जोह रहे थे, परंतु रेल बजट में प्रदेशवासियों को सिवाय झूठे वायदे व दिलासे के कुछ नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का अंत अब नजदीक है और आने वाले लोकसभा चुनावों में पूरे देश से कांग्रेस का सफाया होना निश्चित है। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस की जनविराधी नीतियों से अब पूरी तरह से तंग आ चुकी है और कांग्रेस देश के लिए खतरा बनती जा रही है।