चण्डीगढ़, 26 फरवरी- हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने रेल बजट 2013-14 की सराहना करते हुए हरियाणा को सोनीपत में एक रेल कोच निर्माण एवं रखरखाव फैक्ट्री, जिला रोहतक के सांपला में एक वेल्डिंग प्लांट प्रदान करने तथा मेवात क्षेत्र में रेल सेवा और यमुनानगर-चण्डीगढ़ वाया सढ़ौरा-नारायणगढ़ रेल लाइन तथा अन्य रेल लाईनें एवं सेवाओं की चिरलम्बित मांग को पूरा करने के लिये यूपीए अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी, प्रधान मंत्री डॉ मनमोहन सिंह तथा रेल मंत्री पवन बंसल का धन्यवाद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला सोनीपत में 400 एकड़ में एक बड़ी रेल कोच निर्माण फैक्टरी राज्य सरकार के सहयोग से स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला सिरसा में कौशल विकास केन्द्र भी स्थापित किया जाएगा। सरकार के राष्ट्रीय कौशल विकास कार्यक्रम में यह केन्द्र अपना योगदान देगा। रेल मंत्रालय द्वारा इस प्रकार के 25 केन्द्रों की स्थापना करना प्रस्तावित है, जो रेलवे सम्बंधित ट्रेडों में युवाओं को दक्षता प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री हुड्डा ने कहा कि रेलवे बजट में श्रेणी-2 की 22 नई लाईनों में से तीन लाईनें हरियाणा को मिली हैं। श्रेणी-1 की सात नई लाईनों में से एक लाईन विशेष परियोजना के तहत, एमईएमयू की पांच में से एक, डीईएमयू की 8 में से 2, वर्ष 2012-13 में पूरी होने वाली चौदह गेज कन्वर्सन परियोजनाओं में से एक, वर्ष 2013-14 में पूरी होने वाली 36 नई रेल लाईनों में से दो और इल्ट्रिफिकेशन की पांच परियोजना में से दो परियोजना हरियाणा को मिली हैं। उन्होंने बताया कि इसके अलावा राज्य को 11 एक्सपै्रस रेल गाडि़यां, एक पैसेन्जर ट्रेन, तीन रेल गाडि़यों का विस्तार और चार रेल गाडि़यों की फ्रिक्वेन्सी बढ़ाई गई हैं।
उन्होंने दिल्ली-सोहना-नूंह-फिरोजपुर झिरका-अलवर; हिसार-सिरसा वाया अग्रोहा एवं फतेहाबाद; यमुनानगर-चण्डीगढ़ वाया सढ़ौरा, नारायणगढ़ की नई रेलवे लाइनें शुरू करने के लिये भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में एक विशेष परियोजना के तहत रेवाड़ी-रोहतक की नई रेल लाईन का विस्तार मकड़ौली तक किया जाएगा। रोहतक-पानीपत रेल लाईन को रोहतक शहर के रेलवे बाई पास से शहर के बाहर स्थानांतरित किया जाएगा।
उन्होंने हिसार-फतेहाबाद; दादरी-झाड़ली वाया झज्जर और नरवाना-उकलाना रेलवे लाइनों का सर्वेक्षण और दिल्ली-रेवाड़ी-जयपुर और जाखल हिसार रेलवे लाइनों के विद्युतीकरण करने के लिये भी आभार प्रकट किया।
जाखल-धूरी-लुधियाना रेलवे लाइनों के दोहरीकरण, दिल्ली-रोहतक रेलगाड़ी को एमईएमयू इलैक्ट्रिक में बदलाव और दिल्ली-कुरूक्षेत्र वाया कैथल और रोहतक-रेवाड़ी की डीईएमयू सेवाओं की घोषणा करने के लिए भी आभार प्रकट किया। वर्ष 2012-13 में सीकर-लोहारू की गेज परिवर्तन परियोजना पूरी होगी। वर्ष 2013-14 में जीन्द-भम्भेवा-गोहाना और गोहाना-सोनीपत की नई रेलवे लाईन परियाजनाएं पूरी होगी।
उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त कई नई रेलगाडि़यों के विस्तार को मंजूरी राज्य के लिए लाभदायक होगी। उन्होंने कुछ एक्सप्रैस ट्रेनों को वाया हरियाणा से निकलने के प्रस्ताव की भी सराहना की। इनमें बांद्रा टर्मिनस-हिसार एक्सप्रैस (साप्ताहिक) वाया अहमदाबाद; पालनपुर, मारवाड़, जोधपुर, डिगाना, दिल्ली फिरोजपुर इंटरसिटी एक्सप्रैस (प्रतिदिन) वाया बठिण्डा, गेज परिवर्तन के पश्चात दिल्ली सराय रोहिल्ला-सीकर एक्सप्रैस (सप्ताह में दो दिन) गाडि़यां शामिल हैं। दिल्ली-होशियारपुर एक्सप्रैस (सप्ताहिक), हजरत निजामुद्दीन-मुम्बई एसी एक्सप्रैस (सप्ताहिक) वाया भोपाल, खांडवा, भूसावल, ईन्दौर-चंडीगढ़ एक्सप्रैस (सप्ताहिक) वाया देवास, उज्जैन, गुना, गवालियर, हजरत निजामुद्दीन, कालका-साईं नगर शिरडी एक्सप्रैस (सप्ताह में दो दिन) वाया हजरत निजामुद्दीन, भोपाल-इतरासी रेल गाडि़यां भी शामिल हैं। कटरा-कालका एक्सप्रैस (सप्ताह में दो दिन) वाया मोरिण्डा, कोटा-जम्मू तवी एक्सप्रैस (सप्ताहिक) वाया मथुरा, पलवल, नई दिल्ली-कटरा एसी एक्सप्रैस (सप्ताह में छह दिन) और उना-नंगल डैम-हजूर सहिब नांदेड़ एक्सप्रैस (सप्ताहिक) वाया आंनदपुर साहिब, मोरिण्डा, चंडीगढ़, अम्बाला रेलगाडि़यां शामिल हैं।
इसी प्रकार लाइन रूपातरंण के उपरांत हरियाणा से गुजरने वाली नई पसेंजर ट्रेन लोहारू-सीकर पसेंजर (रोज़ाना) होगी। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ से 12499/12450 मडगांव-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रैस, चंडीगढ़ से दो दिन 12629/12630 यशवन्तपुर- हजरत निजामुद्दीन सम्पर्क क्रान्ति एक्सप्रैस और सिरसा से 54632/54633 धूरी-हिसार/हिसार-लुधियाना पैसन्जर गाड़ी शामिल हैं। जिन गाडि़यों फ्रिक्वेन्सी बढ़ाई जाएगी उनमें 14037/14038 दिल्ली-पठानकोट एक्सप्रैस तीन से छह दिन, 12217/ 12218 कोचुवली-चंडीगढ़ एक्सप्रैस एक से दो दिन, 12687/12688 मदुरई-देहरादुन-चंडीगढ़ एक्सप्रैस एक से दो दिन और 12629/12630 यशवन्तपुर-हजरत निजामुद्दीन सम्पर्क क्रान्ति एक्सप्रैस दो से चार दिन रेलगाडि़यां शामिल हैं।
मुख्यमंत्री भूपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि नई रेल लाईनों की स्थापना में हम आधा खर्च वहन करेंगे और इससे राज्य की अर्थव्यवस्था में तेजी आएगी।
हरियाणा के संसदीय मामले मंत्री श्री रणदीप सिंह सुरजेवाला ने प्रस्ताव लाते हुए कहा कि मुख्य मंत्री ने प्रधान मंत्री डॉ मनमोहन सिंह एवं केन्द्रीय रेल मंत्री से भेंट करके उनसे हरियाणा को एक रेल कोच फैक्टरी प्रदान करने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा कि विपक्ष को भी उनका धन्यवाद करना चाहिए क्योंकि हरियाणा को रेलवे कोच निर्माण इकाई की एक बड़ी परियोजना दी गई है।