करनाल - केन्द्रीय सडक़ परिवहन एवं जहाजरानी मंत्री श्री नितिन गडकरी द्वारा प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों की 3500 करोड़ रुपए से अधिक लागत की तीन परियोजनाओं के शिलान्यास तथा आठ नए राष्ट्रीय राजमार्गों को सोमवार को हरियाणा में सडक़ तंत्र को मजबूती देने के एक नए अध्याय की शुरुआत हुई। केंद्रीय मंत्री ने पंचकूला, अंबाला और करनाल के लिए रिंग रोड तथा गुडगांव के बादशाहपुर में तीन किलोमीटर लंबे एलिवेटिड हाई-वे के निर्माण की भी घोषणा की।
गडकरी ने सोमवार को अंबाला जिला के साहा में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 73 के यमुनानगर-साहा-बरवाला भाग तथा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 65 के अंबाला-कैथल भाग के चारमार्गी बनाने के शिलान्यास अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करने से पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल व उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों, सांसदों व विधायकों की उपस्थिति में लगभग 3500 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास किया और कहा कि दिसंबर, 2015 तक हरियाणा में 25 हजार करोड़ रुपए की सडक़ परियोजनाओं का कार्य आरंभ किया जाएगा। केंद्र व हरियाणा में भाजपा सरकार आने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग के तीन लाख 80 हजार करोड़ रुपए के लंबित कार्यों में से लगभग 90 प्रतिशत कार्यों को गति प्रदान की गई है और इसके तहत हरियाणा में 16 हजार करोड़ रुपए के राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यों पर काम चल रहा है। उन्होंने हरियाणा, पंजाब व जम्मू-कश्मीर को जोडऩे वाले दिल्ली-गोहाना-कैथल-लुधियाना-अमृतसर-जम्मू-कटरा एक नए एक्सप्रेस-वे के निर्माण की भी घोषणा की।