चंडीगढ़ - हरियाणा महिला बाल विकास एवं समाज कल्याण मंत्री कविता जैन ने सोनीपत शहर के लोगों को नगर निगम का तोहफा देते हुए कहा कि अब अगला काम शहर को स्मार्ट सिटी में शामिल करवाना है। इसके लिए केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय द्वारा भेजे गए प्रफोर्मा में सभी बिंदूओं को पूरा कर रिपोर्ट भेज दी गई है। इन बिंदूओं में स्मार्ट सिटी के लिए निर्धारित शहर के मानकों की जानकारी मांगी गई थी और शहर का नगर निगम होना भी इन बिंदूओं में एक था।
श्रीमती जैन सोमवार को सोनीपत में बताया कि शहर के विकास के लिए स्मार्ट सिटी हमारी पहली प्राथमिकताओं में एक है और इसके लिए नगर निगम बनाना अति आवश्यक था। बीजेपी की सरकार बनते ही मुख्यमंत्री ने सोनीपत में नगर निगम बनाने की घोषणा की थी। अब यहां नगर निगम का गठन इस शहर में विकास के नए रास्ते खोलेगा और नगर निगम में जितने भी गांव शामिल किए गए हैं उन सभी गांवों के लोग खुश हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम से शहर की सीमाओं में विस्तार हुआ है और यह विकास के लिए रास्ते खोलेगा। मौजूदा समय में एनसीआर में सबसे ज्यादा संभावनाएं सोनीपत में हैं।
ऐसे में खारी बावली मार्केट सहित सभी व्यापारियों व उद्योगपतियों के लिए सोनीपत सबसे बड़ा केंद्र है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी में शहर के लिए ठोस कूड़ा प्रबंधन संयंत्र, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, शहर में सफाई की व्यवस्था, उद्योगों के विस्तार की संभावनाओं सहित करीब 14 प्वाइंट शामिल थे। उन्होंने कहा कि अब सोनीपत शहर बड़े शहरों की श्रेणी में आकर खड़ा हो रहा है और हम पूरी कौशिश कर रहे हैं कि स्मार्ट सिटी के काम को भी सिरे चढ़ाया जाए।