कुल्लू - गत शनिवार को भुंतर एयरपोर्ट से 40 सवारियों के साथ दिल्ली के लिए उड़ान भरने को तैयार एयर इंडिया के 70 सीटर विमान में ऐन मौके पर तकनीकी खराबी पकड़ में आ जाने से बड़ा हादसा टल गया। टेक ऑफ से महज कुछ मिनट पहले सवारियों को विमान से उतारते हुए फ्लाइट रद्द करनी पड़ी। सूत्रों के मुताबिक उड़ान की तैयारी कर रहे एयरक्राफ्ट काअगला पहिया अचानक जवाब दे गया। इंजीनियरों ने जांच के बाद एयरक्राफ्ट को वापस दिल्ली न भेजने का फैसला लिया।
बताया जाता है कि विमान में करीब चालीस यात्री सवार हुए थे, जिन्हें फ्लाइट कैंसल होने पर सडक़ मार्ग से दिल्ली रवाना किया गया। वहीं दिल्ली से पहिया मंगवाकर रविवार को इसे एयरक्राफ्ट में लगाया गया। एक बार फिर एयरक्राफ्ट की तकनीकी जांच की गई। संतुष्ट होने पर ही इंजीनियरों और एयरपोर्ट प्रबंधन ने एयरक्राफ्ट को उड़ान के लिए ग्रीन सिग्नल दिया। रविवार सुबह करीब चालीस यात्रियों को लेकर एयर इंडिया के विमान ने भुंतर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी।
भुंतर एयरपोर्ट के स्टेशन मैनेजर दिनेश भारद्वाज ने बताया कि शनिवार को लैंडिंग के तुरंत बाद एयर इंडिया के विमान में अचानक तकनीकी खराबी आ जाने से यह दिल्ली के लिए वापसी की उड़ान नहीं भर सका। उस हालात में विमान को उड़ाना काफी खतरनाक हो जाता। उधर, इस घटना के बाद भुंतर एयरपोर्ट पर 70 सीटर एयरक्राफ्ट की लैंडिंग तथा टेक ऑफ पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। टूरिस्ट सीजन में भारी मांग को देखते हुए एयर इंडिया ने हाल ही में दिल्ली से भुंतर के लिए 70 सीटर एयरक्राफ्ट से उड़ानें शुरू की हैं। कुछ समय पहले निजी कंपनी एमडीएलआर ने भी भुंतर एयरपोर्ट के लिए 70 सीटर एयरक्राफ्ट से सेवा देनी शुरू की थी। उस दौरान एमडीएलआर के 70 सीटर एयरक्राफ्ट के टायर ब्लास्ट होने से सनसनी मच गई थी। इसके बाद एमडीएलआर ने इस विमान की सेवा रोक दी थी।