यमुनानगर - अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पंचकूला जिलों व केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के युवकों की सेना में भर्ती के लिए 21 से 30 जुलाई तक राजीव गांधी खेल स्टेडियम अंबाला छावनी में सेना भर्ती कार्यालय अंबाला द्वारा खुली भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल विनेश राणा ने बताया कि इस रैली में सैनिक सामान्य ड्यूटी, सेना क्लर्क, सैनिक स्टोर कीपर, सैनिक ट्रेड्समैन और सैनिक टेक्निकल पदों के लिए भर्ती की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 21 जुलाई को अंबाला तहसील के युवाओं की भर्ती की जाएगी और यह भर्ती सैनिक सामान्य, क्लर्क, स्टोरकीपर, ट्रेड्समैन और टेक्निकल पदों के लिए होगी। इसी प्रकार 22, जुलाई को अंबाला जिला की बराडा और नारायगढ़ तहसील, कैथल जिला के गुहला और पुंडरी तहसील तथा पंचकूला जिला और चंडीगढ़ के युवाओं की उक्त चार पदों के लिए भर्ती की जाएगी। इसी प्रकार 23 जुलाई को कैथल जिला के फतेहपुर और कैथल तहसीलों, 24 जुलाई को यमुनानगर जिला की सभी तहसीलों, 25 जुलाई को करनाल जिला की सभी तहसीलों ओर 26 जुलाई को कुरुक्षेत्र जिला की सभी तहसीलों के युवाओं की भर्ती का कार्यक्रम है। उन्होंने बताया कि 26 जुलाई को ही हिमाचल प्रदेश, केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ और हरियाणा के युवाओं की डीएससी पदों के लिए भर्ती की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस भर्ती में हरियाणा के गुडग़ाव, मेवात, पलवल और फरीदाबाद जिलों के युवा भाग नहीं ले सकते। कर्नल राणा ने बताया कि सेना में भर्ती नि:शुल्क, निष्पक्ष और योग्यता के आधार पर की जाती है। इसके लिए युवा किसी भी व्यक्ति को पैसे न दें और पैसे देकर सेना में भर्ती करवाने के नाम पर गुमराह करने वाले बिचौलियों और दलालों से सावधान रहें। उन्होंने कहा कि यदि कोई इस तरह का बिचौलिया और दलाल पैसे लेकर भर्ती करवाने की बात करता है तो उसकी जानकारी सेना भर्ती कार्यालय के दूरभाष नंबर 0171-2600269 पर दें।