चंडीगढ़ - हरियाणा पुलिस ने रेवाडी में अवैध शराब से भरी टाटा सूमों सहित एक आरोपी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शुक्रवार की रात पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-आठ पर साबन चौक पुल के नजदीक से अवैध शराब से भरी एक टाटा सूमो गाड़ी सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जिला भिवानी निवासी संजय के रूप में हुई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि राष्ट्रीय राजमार्ग स़ख्या-8 पर स्थित साबन चौक से अवैध शराब से भरी हुई एक टाटा सूमो गाड़ी गुजरने वाली है। सूचना के मुताबिक बावल थाना पुलिस ने साबन चौक पुल के नजदीक नाकाबंदी शुरू कर वाहनों की चैकिंग शुरू की थी। कुछ समय बाद ही उक्त टाटा सूमो गाड़ी को आता देखकर नाका पर तैनात पुलिस कर्मचारियों ने उसे रूकवा लिया। तलाशी लेने पर पुलिस ने गाड़ी के अंदर से 483 बोतल अग्रेजी शराब बरामद की है।
पकड़ी गई शराब के बारे में पुलिस द्वारा पूछताछ पर आरोपी ने बताया कि यह शराब रोहतक से लेकर आया है और गुजरात लेजा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार किए गए आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।