पालमपुर - प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न विभागों में सात साल का कार्यकाल पूरा करने वाले दिहाड़ीदारों को नियमित किए जाने की कवायद में लोक निर्माण विभाग के 804 दिहाड़ीदारों को नियमित किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता ने प्रदेश के 19 सर्किलों में 804 दिहाड़ीदारों को नियमित किए जाने संबंधी नियुक्ति पत्र जारी करने के निर्देश संबंधित सर्किल के एसई और एक्सईएन को 16 जुलाई को दे दिए हैं।
इन 804 दिहाड़ीदारों में 776 बेलदार शामिल हैं। इनमें से 364 बेलदार जोगिंद्रनगर मंडल और 153 डलहौजी मंडल से हैं। जानकारी के अनुसार लोक निर्माण विभाग के मंडी सर्किल में दस दिहाड़ीदारों को पक्का किया जा रहा है, जिनमें आठ बेलदार और दो चौकीदार हैं। सोलन सर्किल में सात बेलदार और एक एक्सकावेटर आपरेटर सहित कुल आठ, शिमला सर्किल में 21 बेलदार और एक ग्रेड-दो आपरेटर सहित कुल 22, पालमपुर सर्किल में कुल 100 दिहाड़ीदार नियमित होंगे। इनमें 93 बेलदार, एक ब्लैक स्मिथ, एक वर्क इंस्पेक्टर, एक कारपेंटर, तीन मेसन और एक हेल्पर शामिल है।
कुल्लू सर्किल में छह बेलदार, एक चौकीदार और एक हेल्पर सहित आठ, डलहौजी सर्किल में 153 बेलदार, हमीरपुर सर्किल में सात बेलदार, नूरपुर सर्किल में 24 बेलदार, बिलासपुर सर्किल में 14 बेलदार और एक चौकीदार सहित कुल 15 दिहाड़ीदार पक्के किए जाएंगे। रामपुर सर्किल में 34 बेलदार, तीन हेल्पर और एक स्टोर क्लर्क सहित कुल 38, नाहन सर्किल में 31 बेलदार और दो चालकों सहित कुल 33, रोहड़ू सर्किल में चार बेलदार, ऊना सर्किल में पांच बेलदार, शाहपुर सर्किल में दो बेलदार, शिमला सर्किल में एक चालक, ढली सर्किल में एक बेलदार और धर्मशाला सर्किल में दो बेलदार नियमित होंगे।
जोगिंद्रनगर में 364 बेलदार, दो चौकीदार, दो मेसन ग्रेड-दो, एक ब्लैक स्मिथ और दो क्लीनर शामिल हैं। आल हिमाचल पीडब्ल्यूडी एंड आईपीएच कांट्रैक्चुअल वर्कर्ज यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष सीता राम सैणी का कहना है कि कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री हमेशा ही मजदूरों के हितैषी रहे हैं।