चण्डीगढ़ 25 फरवरी- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने आज कहा कि हरियाणा सरकार संत शिरोमणि श्री रविदास द्वारा समाज को दिये गए समानता के सिद्धांतों पर चलते हुए समाज के सभी वर्गों, विशेषकर अनुसूचित जाति के कल्याणार्थ अनेक कदम उठा रही है तथा छत्तीस बिरादरी को साथ लेकर चल रही है।
मुख्यमंत्री आज पंचकूला के सैक्टर 15 स्थित रविदास मंदिर में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास के 636वें प्रकाशोत्सव पर श्री गुरु रविदास सभा, द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने गुरु रविदास सभा पंचकूला द्वारा उनकी शिक्षाओं एवं आदर्शों पर चलते हुए कार्य करने के लिए बधाई भी दी तथा इस अवसर पर उन्होंने अपने स्वैछिक कोष से 21 लाख रूपए की राशि पुस्तकालय, कम्प्यूटर तथा फर्नीचर के लिए देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि जब-जब मानवता भटकी है, समाज में कुरीतियां आई हैं तब-तब देश में ऋषि मुनियों, पैगंबरों एवं संत-महात्माओं ने जन्म लिया है और समाज को सही रास्ता दिखाया है। श्री रविदास ने भी 636 वर्ष पूर्व जन्म लिया था उस समय जात-पात, अंधविश्वास जैसी बुराईयां चरम सीमा पर थी। उन्होंने जो रास्ता दिखाया वह एक जाति का न होकर मानवता का प्रदर्शक बना। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार गीता में जो कर्म का सिद्धांत दिया गया था। उसी प्रकार संत रविदास का मानना था कि जन्म और जाति से कोई छोटा व बडा नहीं होता बल्बि कर्म से ही उसकी पहचान होती है। उन्होंने कर्म के सिद्धांत को अपनाया।
मुख्यमंत्री नें कहा कि वे एक स्वतंत्रता सेनानी परिवार से हैं। उनके दादा चौधरी मातू राम व पिता र्स्व0 चौधरी रणबीर सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि उनके पिता डॉ0 भीम राव अंबेडकर के साथ संविधान निर्मात्री सभा के सदस्य थे। संविधान में सबको मत का अधिकार दिया। सब को समानता का अधिकार दिया तथा देश में कोई भूखा न रहे, कोई वस्त्र व छत के बगैर न रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की राजनैतिक विचारधारा भी यही है। कांग्रेस उनका परिवार है। गरीब व कांग्रेस का चौली-दामन का साथ रहा है।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष श्री फूल चंद मुलाना, मुख्य संसदीय सचिव श्री राम किशन गुज्जर, पंचकूला के विधायक श्री डी0के0 बंसल ने भी समारोह को संबोधित किया और उपस्थित लोगों से श्री गुरु रविदास के सिद्धांतों पर चलने का आहवान किया।