शिमला - एचआरटीसी शिमला की तर्ज पर दूसरे प्रमुख शहरों में भी जन सुविधा के लिए टैक्सियां चलाने की तैयारियों में है। हालांकि शिमला में हाई कोर्ट के दखल के बाद फिलहाल टैक्सी सेवा बंद पड़ी है, मगर अब एचआरटीसी राज्य के दूसरे शहरों में उक्त सुविधा देने जा रहा है। शुक्रवार को एचआरटीसी निदेशक मंडल की बैठक में जनसुविधा के लिए मनाली, धर्मशाला, कांगड़ा, हमीरपुर, मकलोडगंज में टैक्सियां चलाने का निर्णय लिया गया। उक्त शहरों में एचआरटीसी फिक्स किराए पर टैक्सियां चलाएगा।
हालांकि अभी किराया निर्धारित नहीं किया गया है। निदेशक मंडल की बैठक के बाद पत्रकार वार्ता में परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा कि टैक्सियां चलने से सैलानियों सहित स्थानीय लोगों को भी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि जैसे ही राजधानी में एचआरटीसी को गृह विभाग से टैक्सियों के परमिट मिल जाते हैं, वैसे ही शहर में जन सुविधा के लिए टैक्सी सेवा शुरू कर दी जाएगी। निदेशक मंडल की बैठक में निर्णय लिया गया कि एचआरटीसी 300 पुरानी बसों की जगह नई बसें चलाएगा।
इसके अलावा निगम ने वैट लीज आधार पर 15 वोल्वो और 17 लग्जरी डीलक्स बसें खरीदने का भी निर्णय लिया है। इसके साथ एचआरटीसी टाटा मोटर्स के साथ राज्य में बॉडी बिल्डिंग वर्कशॉप चलाएगा। इन वर्कशॉप चलाने के लिए टाटा तकनीकी सहयोग देगा। वर्कशॉप के लिए परवाणू, जसूर व मंडी का चयन किया गया है।