रोहतक - देशभर में भूमि अधिग्रहण और उसके बदले किसानों को मिलने वाले मुआवजे को लेकर हो रही सियासी लडाई के बीच हरियाणा के रोहतक में किसानों को रॉयल्टी के बतौर 2-2 रूपये के चेक दिए गए हैं। इससे विवाद खडा हो गया है। हरियाणा सरकार ने भले ही किसानों को मिलने वाले मुआवजे की 500 रूपये की घोषणा की हो, मगर उसके उलट रोहतक जिले के गांव बलियाणा और खेडी साध में किसानों को आईएमटी रोहतक में भूमि अधिग्रहण हुई जमीन की रॉयल्टी के 2-2 रूपये तक के चेक एचएसआईआईडीसी ने वितरित किये हैं।
बलियाणा गांव, बोहर और खेडी साध की यह जमीन पिछली हुड्डा सरकार ने अधिग्रहण की थी। पिछली सरकार ने मुआवजा राशि तो किसानों को दे दी, मगर हुड्डा ने किसानों की जमीन अधिग्रहण प्रति एकड 30 हजार रूपये की रॉयल्टी प्रति वर्ष देने की घोषणा की थी। किसानों में नाराजगी गांव बलियांणा के किसानों को लंबे इंतजार के बाद उनकी अधिग्रहण हुई जमीन की रॉयल्टी उन्हें दो रूपये, पांच रूपये, सात रूपये, दस रूपये तक के चेक के जरिये अब मिले हैं। किसान इससे काफी नाराज हैं।
उनका कहना है कि सरकार ने उनके साथ भद्दा मजाक किया है। गांव में करीब सौ से ज्यादा लोगों को 2 रूपये, पांच रूपये, सात रूपये, दस रूपये तक के चेक मिले हैं। जब इस बारे में एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों से पूछा गया तो उन्होंने कुछ भी बोलने से मना कर दिया। हालांकि, उनका कहना था कि सरकार की पॉलिसी के तहत ही चेक दिए गए हैं।