चंबा - विश्व प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा के लिए हेलिकाप्टर पांच सितंबर से उड़ान भरेगा। यह उड़ान भरमौर से होगी। इस मर्तबा मणिमहेश यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को हवाई सेवा देने के लिए दो कंपनियों यूटी एयर और डेक्कन से करार किया गया है। हवाई उड़ान के जरिए यात्रा करने हेतु श्रद्धालुओं को एकतरफा किराए के तौर पर 2847 रुपए अदा करने होंगे, जो कि पिछले वर्ष की तुलना में 423 रुपए कम हैं।
पिछले वर्ष एकतरफा किराया 3270 रुपए था। उड़ानों का सिलसिला पांच से 20 सितंबर तक जारी रहेगा। हालांकि हवाई उड़ान का शेड्यूल मौसम के मिजाज पर निर्भर रहेगा। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष मणिमहेश यात्रा का आधिकारिक तौर पर आगाज पांच सितंबर को जन्माष्टमी के छोटे न्हौण से होगा और समापन 20 सितंबर को राधाष्टमी के दिन होगा। इस अवधि के दौरान लाखों की तादाद में श्रद्धालु पवित्र डल में डुबकी लगाने के लिए पहुंचेंगे। प्रशासन इस दौरान श्रद्धालुओं को रियायती दरों पर हवाई सेवा उपलब्ध करवाएगा। मणिमहेश यात्रा के दौरान हवाई उड़ानें भरने के लिए अधिकृत कंपनियों के चौपर चार सितंबर को भरमौर के थल्ला हेलिपैड पर पहुंच जाएंगे। ट्रायल के बाद पांच सितंबर से नियमित उडानें शुरू हो जाएंगी।