गुडग़ांव - हयातपुर गांव के सरपंच राकेश यादव की हत्या के आरोप में इसी गांव के एक गैंगस्टर राकेश के ऊपर आज दिनदहाड़े अज्ञात बदमाशों ने गोलीबारी कर दी। इस हमले में राकेश तो बच गया, जबकि हमलावरों द्बारा दागी गई गोलियों की चपेट में आने से एक ऑटो चालक की मौत हो गई। हमले में एक गोली गैंगस्टर के ड्राइवर को भी लगी है। इफको चौक के पास भीड़भाड़ वाले स्थान पर इस वारदात से पुलिस भी सन्न है।
एमजी रोड की एक हाउसिंग सोसायटी में अपनी डाक्टर पत्नी के साथ रह रहे गैंगस्टर राकेश पर कार से आए बदमाशों ने उस समय हमला कर दिया जब वह एक मामले में अदालत में पेशी भुगतने जा रहा था। लग्जरी कार में सवार राकेश के साथ उसके बॉडीगार्ड भी थे। राकेश की कार के ड्राइवर ने गोली लगने के बाद गाड़ी से संतुलन खो दिया। इस कार ने एक अन्य कार को टक्कर मार दी, जिससे वह पलट गई । इसके बाद भी कार का कहर नहीं रुका। कार डिवाइडर फांदकर वहां खड़े एक ऑटो पर जाकर पलट गई। इस ऑटो में बैठा चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावर कइ राउंड फायर करने के बाद कार में बैठकर चंपत हो गए।
घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। राकेश ने पुलिस को दिए बयान में दो लोगों पर हमला करवाने का आरोप लगाया है। राकेश के ड्राईवर हंसराज का ऑपरेशन करके उसके सिर से गोली निकाल दी गई है, लेकिन उसकी हालत अभी स्थित बताई जाती है। पुलिस इस घटना को गैंगवार मानकर चल रही है। पुलिस कमिश्नर नवदीप सिंह विर्क ने कहा कि कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं। कुछ समय में पूरी स्थिति साफ हो जाएगी। उन्होंने दावा किया कि हमलावरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।