शिमला - राजधानी शिमला के पंथाघाटी स्कूल में पढऩे वाली छात्रा को रविवार को चार युवक अगवा कर ले गए। अपहरणकर्ता युवकों ने ट्यूशन पढऩे गई छात्रा को जबरन गाड़ी में बिठाया और उसे पंथाघाटी से ले गए। चौपाल में अपहरणकर्ता युवकों की गाड़ी खराब हो गई। इसी बीच स्कूली छात्रा अपहरणकर्ता युवकों के चंगुल से छूटकर भाग गई और महफूज जगह छिप गई। आनन-फानन में किसी तरह से छात्रा ने अपनी मां को फोन कर अपहरण की सूचना दी। फिर स्कूली छात्रा की मां ने चौपाल थाना पुलिस को इस घटना की जानकारी दी।
चौपाल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डरी-सहमी छात्रा को बरामद किया और फिर इसकी जानकारी स्कूली छात्रा की मां को दी। बहरहाल, पुलिस ने अपहरण का शिकार हुई छात्रा को बरामद कर लिया है। पुलिस अपहरणकर्ताओं की तलाश कर रही है। पुलिस ने स्कूली छात्रा के अपहरण को लेकर छात्रा की शिकयत पर छोटा शिमला थाना में अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि स्कूली छात्रा बीते रविवार सुबह घर से पंथाघाटी ट्यूशन पढऩे गई थी। स्कूली छात्रा को ट्यूशन पढ़ाने वाला वहां पर नहीं था।
इसी बीच छात्रा को वहां जान-पहचान वाले चार लडक़े मिले। ये चारों युवक छात्रा को जबरन गाड़ी में बिठाकर उसे अगवाकर ले गए। पीडि़ता स्कूली छात्रा अपहकरणकर्ता युवकों के नाम भी जानती है। पीडि़ता ने पुलिस को जो बयान दिया, उसके मुताबिक अपहरणकर्ता युवकों की चौपाल में गाड़ी खराब हो गई, जिसके बाद वह उनके चंगुल से भाग कर छिप गई। पुलिस इस घटना को लेकर चारों आरोपी युवकों की तलाश कर रही है। वहीं इस मामले में डीएसपी बलवीर जसवाल का कहना है कि स्कूली छात्रा का पंथाघाटी से चार युवकों ने अपहरण किया था।
अपहरणकर्ता छात्रा को गाड़ी में चौपाल ले गए। चौपाल में गाड़ी खराब होते ही छात्रा भाग गई। इसके बाद उसने इस घटना की जानकारी अपनी मां को फोन पर दी। छात्रा की मां ने चौपाल थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके से छात्रा को बरामद कर लिया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।