चंडीगढ़ - हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोनीपत जिला के गांव निजामपुर माजरा में बरसात में खेतों में बना हुआ कमरा ढहने से हुई छह लोगों की मौतों के मामले में मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए मुआवजा राशि देने की घोषणा की है। इसके अलावा घायलों के इलाज का पूरा खर्च भी सरकार द्वारा ही वहन किया जाएगा।
उक्त जानकारी देते हुए जिला प्रशासन के प्रवक्ता ने बताया कि घटना में मृत पांचों श्रमिकों की तस्दीक करवाने के लिए जिलाधिकारी, पीलीभित को पत्र लिखकर जल्द से जल्द तस्दीक भेजने का अनुरोध किया गया है। उन्होंने बताया कि 12 जुलाई को खरखौदा उपमंडल के गांव निजामपुर माजरा के खेतों में काम कर रहे श्रमिक भारी बरसात होने की वजह से खेतों में बने कमरे में जा बैठे।
बरसात की वजह से मकान ढह गया और घटना में अमित पुत्र रामप्रताप, देवशरण पुत्र रामप्रताप , रोहित पुत्र भगवान दास, अशोक पुत्र महेश और धर्मपाल पुत्र नत्थू लाल निवासी गांव बजरिया जिला पीलीभित उत्तर प्रदेश और बलबीर उर्फ बल्लू पुत्र सरूप सिंह निवासी निजामपुर माजरा की मृत्यु हो गई थी। वहीं एक श्रमिक सूरज पुत्र भगवानदास निवासी गांव बजरिया जिला पीलीभित उत्तर प्रदेश घायल हो गया था। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सभी मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए देने की घोषणा की है और घायल के इलाज का पूरा खर्च भी सरकार वहन करेगी।