चंडीगढ़ - हरियाणा के परिवहन मंत्री राम बिलास शर्मा ने कहा कि वर्ष 2015-16 के दौरान हरियाणा परिवहन के बेड़े में बसों की संख्या 4100 से बढ़ाकर 5100 की जाएगी। वर्तमान में प्रतिदिन 19 लाख से अधिक यात्री हरियाणा परिवहन की बसों में यात्रा करते हैं, जिसको बढ़ाकर 40 लाख यात्रियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए नई परिवहन नीति में अन्य राज्यों की तरह निजी सहभागिता पद्धति पर भी बसें शामिल की जाएंगी। इनमें चालक हरियाणा परिवहन विभाग का होगा, जबकि बस व परिचालक बस मालिक का होगा।
परिवहन मंत्री सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष श्री कंवरपाल गुज्जर के साथ हरियाणा विधानसभा कैंटीन में विधायकों एवं आम जनता के लिए किए गए प्रबंध का शुभारंभ करने उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। श्री शर्मा ने कहा कि नई नीति के तहत निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी। वर्तमान में परमिटधाकर भी इस निविदा में भाग ले सकते हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा परिवहन लोगों को वोल्वो सहित अन्य आरामदेह बसों की सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए कटिबद्ध है। दक्षिण हरियाणा में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय की पीठ स्थापित करने के संबंध में पूछे जाने पर श्री शर्मा ने कहा कि इससे न्यायालय में लंबित मामलों में कमी आएगी। नारनौल से लेकर रोहतक तक किसी भी स्थान पर इस पीठ की स्थापना की जा सकती है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हरियाणा विधानसभा व सचिवालय में हरियाणा का हिस्सा निर्धारित है, उसी प्रकार पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में भी लागू रहेगा।