मंडी - प्रदेश में जल्द ग्राहक सुविधा केंद्र खुलेगा। फिलहाल देश के छह चुनिंदा राज्यों में यह केंद्र खुलेंगे, जिनमें हिमाचल भी शामिल है। केंद्र सरकार से इसके लिए मंजूरी मिल गई है। सरकार और निजी संस्था के सहयोग से खुलने वाले इस केंद्र के लिए फंड केंद्र सरकार देगी। निजी संस्था ग्राहक सुविधा केंद्र का संचालन करेगी। देश के छह राज्यों में खुलने वाले ग्राहक सुविधा केंद्र में व्यक्ति को किसी भी संदर्भ में शिकायत करने के लिए मार्गदर्शन किया जाएगा। शिकायत करने के अलावा सूचना और उचित सलाह भी मिलेगी।
केंद्र में तैनात स्टाफ व्यक्ति को शिकायत करने का न केवल सही रास्ता दिखाएगा बल्कि उसकी हर प्रकार की मदद भी करेगा। प्रदेश में फिलहाल इस तरह की सुविधा उपभोक्ताओं को नहीं है। प्रदेश में फिलहाल एक ग्राहक सुविधा केंद्र खुलेगा। देश के अन्य राज्यों में भी केंद्र खुलने के बाद इसे जिला स्तर पर भी संचालित करने की योजना है। लेकिन इसके लिए अभी इंतजार करना होगा। इसके अलावा देश के 32 राज्यों में स्टेट हेल्पलाइन स्कीम भी शुरू की गई है। 21 राज्यों में योजना ने कार्य शुरु भी कर दिया है। इस स्कीम के लिए उपभोक्ता कहीं से भी शिकायत दर्ज करवा सकता है।
राष्ट्रीय स्तर पर कुछ एक कंपननियों से संपर्क रहेगा। ग्राहक की शिकायत मिलने के बाद कंपनियों के माध्यम से मामले का निपटारा किया जाएगा। एक अगस्त को देश के पहले ग्राहक सुविधा केंद्र का बिहार की राजधानी पटना में विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। इस कड़ी में सोमवार को मंडी में उपभोक्ता संरक्षण एवं सशक्तिकरण विषय पर दो दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है।