शिमला - मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह कल सोमवार को एक हफ्ते के दौरे पर दिल्ली जाएंगे। उनका 20 जुलाई को लौटने का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा कल शाम दी जाने वाली इफ्तार पार्टी में भाग लेंगे। इसके अलावा वे नीति आयोग की बैठक में भी हिस्सा लेंगे।
आयोग की बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में होगी। दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री राजनीतिक तौर पर महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत करने के लिए पार्टी आलाकमान के कई नेताओं से भेंट करेंगे। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर कौल सिंह की कथित आवाज वाली सीडी को लेकर उत्पन्न स्थिति पर भी आलाकमान के नेताओं से बातचीत करेंगे। सीडी को लेकर कांग्रेस हाईकमान ने प्रदेश कांग्रेस से रिपोर्ट भी मांग रखी है।
यह भी पता चला है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी व्यक्तिगत तौर पर भी सीडी के बारे में जानकारी हासिल करना चाह रही हैं। उन्होंने सीडी में रिकॉर्ड की गई बातचीत का अंग्रेजी अनुवाद भी अपने पास मंगाया है। सीबीआई जांच पर भी हो सकती है बात इसके अलावा मुख्यमंत्री अपने खिलाफ सीबीआई द्वारा शुरू की गई प्रारंभिक जांच से जुड़े पहलुओं पर भी हाईकमान के नेताओं से बातचीत करेंगे। माना जा रहा है कि केंद्रीय राजनीति में मचे घमासान के बीच कांग्रेस हाईकमान सीबीआई जांच के मामले में मुख्यमंत्री का ही पक्ष लेगी।