बिलासपुर - शहर की मेन मार्केट में गुरुवार सुबह करीब सवा तीन बजे अज्ञात चोरों ने यूको बैंक की एटीएम उड़ा ली। एटीएम में तकरीबन पांच लाख का कैश था। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बिलासपुर दौरे के चलते कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद हुई इस चोरी से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। बिलासपुर शहर की मेन मार्केट में स्थित यूको बैंक की एटीएम गुरुवार चोरी हुई। बताया जा रहा है कि इस अवधि के दौरान वहां इनोवा या उससे मिलती-जुलती कोई अन्य गाड़ी खड़ी थी।
उसमें चार लोग थे, जिन्होंने अपना चेहरा कपड़े से ढका हुआ था। उन्होंने एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे पर काले रंग का स्प्रे किया। उसके बाद उन्होंने लोहे की मोटी जंजीर गाड़ी के पिछले हिस्से में बांधकर एटीएम को झटके से उखाड़ दिया। इससे एटीएम का दरवाजा भी टूटकर अलग हो गया। मशीन को गाड़ी में रखकर वे लोग वहां से फरार हो गए। यूको बैंक के एटीएम बूथ के ठीक सामने एसबीआई तथा कुछ फासले पर आईसीआईसीआई के एटीएम हैं। उनमें सिक्योरिटी गार्ड मौजूद थे, लेकिन उन्हें घटना की कानोंकान खबर नहीं हुई।
चोरी हुए एटीएम बूथ के ठीक सामने चाय की दुकान करने वाली एक महिला के अनुसार उसने वहां एक गाड़ी के साथ ही कुछ लोग खड़े देखे। पहले उसने सोचा कि किसी दुकान का सामान उतारा जा रहा है, लेकिन एटीएम का दरवाजा व कांच टूटने की आवाज सुनाई देने पर उसे गड़बड़ी का संदेह हुआ। इस पर उसने तुरंत पुलिस को फोन किया। सूचना मिलते ही 3.35 बजे पुलिस मौके पर पहुंच गई। बाद में एएसपी रोहित मालपाणी भी वहां पहुंचे। पुलिस ने कुछ स्थानों पर नाके भी लगाए, लेकिन चोर हाथ नहीं आए। गुरुवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि पलैणीघाट के पास एक संपर्क सडक़ के नीचे की ओर एक एटीएम टूटी-फूटी हालत में पड़ी है।
सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंची। मशीन को गैस कटर से काटकर चोर उससे कैश निकालकर ले गए थे। बैंक प्रबंधक के अनुसार मशीन में चार लाख 68 हजार 500 रुपए थे। एएसपी रोहित मालपाणी ने बताया कि मामला दर्ज करके छानबीन की जा रही है। चोरी हुए एटीएम के साथ ही शहर के कुछ अन्य स्थानों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही हैं।