अंबाला - हरियाणा बागबानी विभाग द्वारा पिंजौर में चार और पांच जुलाई को आयोजित किए गए मैंगो मेले में अंबाला के फल उत्पादक किसानों ने 13 इनाम जीतकर अपनी महत्त्वपूर्ण उपस्थिति दर्ज करवाई है। वर्ष 2010 के बाद इस मेले में जिला को मैंगो मेले की सर्वश्रेष्ठ ट्रॉफी से भी नवाजा गया है। जिला बागबानी अधिकारी हवा सिंह ने बताया कि इस मेले में हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश व अन्य प्रदेशों के आम उत्पादक किसानों ने 650 प्रविष्टियां मेले में रखी थीं। अंबाला के किसानों ने भी दशहरी, अम्रपाली, लंगडा, चौसा और रामकेला सहित विभिन्न प्रजातियों के आम इस मेले में रखे थे।
मेले में उद्यान विशेषज्ञों द्वारा श्रेष्ठ किस्म के आमों का चयन करके यह आम उत्पादन करने वाले किसानों को सम्मानित किया जाता है। इसके अलावा जिस जिला के किसानों को सबसे अधिक इनाम मिलते हैं उसे सर्वश्रेष्ठ ट्रॉफी भी प्रदान की जाती है। इस वर्ष यह ट्रॉफी अंबाला जिला को प्राप्त हुई है और इससे पहले वर्ष 2010 में जिला के आम उत्पादक किसानों ने उद्यान विभाग के सहयोग से इस तरह की ट्रॉफी हासिल की है ।अंबाला जिला का नाम आम उत्पादन के क्षेत्र में सदैव श्रेष्ठ रहा है। प्राचीन जिला अंबाला में आम के बहुत अधिक बाग और पेड़ होने के कारण ही इसे अंबाला के नाम से पहचान मिली है। समय जिला में दशहरी, अम्रपाली, लंगडा, चौसा और रामकेला सहित 42 किस्मों के आम के बाग हैं और कुल 1360 हेक्टेयर क्षेत्र में आम के बाग लगे हुए हैं।