करनाल - हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर आज आम आदमी की तरह बस में सवार होकर चंडीगढ़ से करनाल पहुंचे। यहां पर उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक ली और उनसे उनका और जिले का हाल-चाल जाना। मुख्यमंत्री करनाल में आज आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए चण्डीगढ़ से हरियाणा रोडवेज की वोल्वो बस में बैठकर आये थे। यह पूछे जाने पर कि एक आम आदमी की तरह बस में सफर करने का उनका अनुभव कैसा रहा, सीएम ने कहा कि मैं आम आदमी ही हूं।
कर्ण लेक तक बस में आये मुख्यमंत्री के स्वागत के लिये प्रशासन और पार्टी नेताओं का जमावड़ा लगा हुआ था। सीएम वोल्वो के मुख्य द्वार के साथ वाली सिंगल सीट पर बैठे थे। बस के रुकते ही अधिकारी और पार्टी नेता उनके स्वागत के लिये लपके, देखकर सीएम ने सहज भाव से व्यंग्य कर दिया और बोले-मैं बस में आया हूं, शायद इसीलिये यहां ज्यादा गाडियां दिख रही हैं। सीएम का आशय समझ पार्टी के कई नेता वहां से सरक गये। समाज कल्याण राज्यमंत्री कृष्ण बेदी भी इसी बस से सीएम के साथ आये थे। सीएम के साथ बैठक में जिले भर से करीब 150 चुनींदा नेता और कार्यकर्ता ही आमंत्रित थे। उन्हें एसएमएस के जरिये बैठक में आने का न्योता दिया गया था।