पानीपत/सोनीपत - बिजली निगम की छापेमारी टीम ने गंगापुरी रोड स्थित विजन टावर मोबाइल कंपनी के टावर पर छापेमारी कर करीब 11 लाख रुपये की बिजली चोरी पकड़ी है। टीम ने अलसुबह गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की थी। इसमें टीम ने साढ़े 9 किलोवाट लोड क्षमता का टावर कुंडी कनेक्शन से चलते पकड़ा है।
सनौली रोड एसडीओ के छुट्टी पर होने के चलते अभी तक निगम ने कंपनी को नोटिस नहीं भेजा है। वहीं, चोरी पकडऩे वाली छापेमार टीम के सदस्य चोरी पकडऩे के बाद भी कंपनी को नोटिस जारी करने से पीछे हट रहे हैं। सोमवार को अलसुबह सनौली रोड सब डिवीजन छापेमारी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गंगापुरी रोड स्थित विजन टावर कंपनी पर छापेमारी की। जहां टीम ने कुंडी कनेक्शन से साढ़े 9 किलोवाट लोड की चोरी का मामला पकड़ा। टीम ने कंपनी पर चोरी का आरोप लगाते हुए फार्म भरकर सब डिवीजन कार्यालय में भेज दिया है।
जहां अकाउंट ब्रांच ने कंपनी पर 10.70 लाख रुपये का जुर्माना नोटिस तैयार किया। सनौली रोड सब- डिवीजन के एसडीओ संजीव ठकराल छुट्टी पर होने के चलते अभी तक टावर कंपनी को नोटिस नहीं भेजा है। इस समय सब डिवीजन का एडिशनल चार्ज सब-डिवीजन के एसडीओ ललित अत्री के पास है। लेकिन एसडीओ ललित अत्री ने सनौली रोड सब डिवीजन के जेई महावीर ढांडा को एसडीओ की पावर दी हुई है। मामला थोड़ा पेचीदा होने के कारण जेई ढांडा ने जुर्माना नोटिस पर साइन करने से इंकार कर दिया है। अब एसडीओ के साइन होने के बाद ही निगम कंपनी को नोटिस जारी करेगा।