पंचकूला - सेना भर्ती कार्यालय अंबाला ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल जिलों व क्रेंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के युवकों के लिए भर्ती का आयोजन किया है। यह भर्ती 21 से 30 जुलाई तक राजीव गांधी खेल स्टेडियम अंबाला छावनी में चलेगी। उक्त जानकारी देते हुए सेना भर्ती कार्यालय के प्रवक्ता ने बताया कि इस रैली में सैनिक सामान्य ड्यूटी, सेना क्लर्क, सैनिक स्टोर कीपर, सैनिक ट्रेड मैन और सैनिक टेक्नीकल पदों के लिए भर्ती की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 21 जुलाई को अंबाला तहसील के युवाओं की भर्ती की जाएगी और यह भर्ती सैनिक सामान्य ड्यूटी, सेना क्लर्क, सैनिक स्टोर कीपर, सैनिक ट्रेड मैन और सैनिक टेक्त्रीकल की होगी। इसी प्रकार 22 जुलाई को अंबाला जिला की ब्राडा और नारायणगढ़ तहसील के, कैथल जिला के गुहला और पुंडरी तहसील तथा पंचकूला जिला और चंडीगढ़ के युवाओं की उक्त चारों पदों के लिए भर्ती की जाएगी। इसी प्रकार 23 जुलाई को कैथल जिला की तहसीलों, 24 जुलाई को यमुनानगर की सभी तहसीलों के युवाओं की उपरोक्त पदों के लिए भर्ती की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 25 जुलाई को करनाल जिला की सभी तहसीलों और 26 जुलाई को कुरुक्षेत्र जिला की तहसीलों की भर्ती का कार्यक्रम है। उन्होंने बताया कि 26 जुलाई को ही हिमाचल प्रदेश केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ और हरियाणा के युवाओं की डीएससी पदों के लिए भर्ती की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया है कि इस भर्ती में हरियाणा के गुडग़ांव, मेवात, पलवल और फरीदाबाद जिलों के युवा भाग नहीं ले सकते हैं। प्रवक्ता ने बताया कि सेना में भर्ती निशुल्क, निष्पक्ष और योग्यता के आधार पर की जाएगी। इसके लिए युवा किसी भी व्यक्ति को पैसे न दें और पैसे देकर सेना में भर्ती करवाने के नाम पर गुमराह करने वाले बिचौलियों और दलालों से सावधान रहे।