कैथल - उपायुक्त के. मकरंद पांडुरंग तीन जुलाई को दोपहर बाद तीन बजे जिला में राष्ट्रीय डिजिटल साक्षरता मिशन का शुभारंभ जगदीशपुरा स्थित डा. भीम राव अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय से करेंगे। उपायुक्त जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम के मुख्यातिथि होंगे। यह जानकारी देते हुए उपमंडलाधीश आरके सिंह ने बताया कि इस अवसर पर गुहला के विधायक कुलवंत बाजीगर तथा पूंडरी के विधायक दिनेश कौशिक सहित पंचायती राज संस्थाओं के सभी प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहेंगे।
इस मौके पर सूचना एवं विज्ञान विभाग तथा पंचायत विभाग द्वारा सूचना प्रौद्योगिकी विषय पर विभिन्न प्रेजेंटेशन प्रस्तुत की जाएंगी। इस मिशन के तहत प्रात:कालीन सत्र में महाविद्यालय के सूचना प्रौद्योगिकी प्रशिक्षण प्रयोगशाला में पटवारियों, ग्राम सचिवों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं आदि को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मिशन के तहत चार जुलाई को सभी सहायक पंजीयन अधिकारियों व चुनाव विभाग के अधिकारियों को मतदाता सूची को ऑनलाइन करने बारे विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। पांच जुलाई को सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के अतिरिक्त आम नागरिकों को डिजिटल लॉकर से संबंधित विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
इस सप्ताह के दौरान छह जुलाई को जिला में लघु सचिवालय स्तर पर बायोमीट्रिक मशीन से हाजिरी की व्यवस्था के बाद दूसरे चरण में सभी अन्य कार्यालयों में इस बायोमीट्रिक मशीन हाजिरी की व्यवस्था शुरू की जाएगी। इस नई व्यवस्था के लिए सभी विभागों को अपने-अपने कार्यालयों में इस नए सॉफ्टवेयर को स्थापित करना होगा। सात जुलाई को जन्म पंजीकरण को आधार के साथ जोड़क़र लिंक करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कॉमन सर्विस सेंटरों पर नियुक्त कर्मचारियों को प्रशिक्षण के बाद इन सेंटरों की सेवाओं में गतिशीलता आएगी। उपमंडलाधीश आरके सिंह ने बताया कि इस मिशन के तहत प्रयोगशाला में पटवारियों, ग्राम सचिवों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं आदि को टे्रनिंग दी जाएगी।