पानीपत/सोनीपत - बीती रात बदमाशों ने गन प्वाइंट पर शहर में एक के बाद एक 4 जगह लूटपाट की। बदमाशों ने इलेक्ट्रॉनिक्स के एक शोरूम, एक महिला, बीबीएमबी अधिकारी और ट्रक चालक को पिस्तौल दिखाकर लूट लिया। एक साथ लूटपाट की 4 वारदात होने से पुलिस को पसीना आ गया। इन सभी वारदातों में 2 बदमाशों का होना पाया गया है। पुलिस का मानना है कि बीती रात को एक ही गिरोह ने सब वारदातों को अंजाम दिया है।
जानकारी के अनुसार बीती देर रात कुटानी रोड स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स के शोरूम पर 2 युवक आए और वहां काम करने वाले अमित कुमार की कनपटी पर पिस्तौल तान दी। दोनों अमित कुमार से 25 हजार रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। पुलिस उसकी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और नाकाबंदी कर जांच शुरू की। बाबा इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम के संचालक राकेश कुमार ने बताया कि बदमाश उसके कर्मी अमित कुमार से कलेक्शन के 25 हजार रुपये गन प्वाइंट पर लूट ले गये।
उधर, थाना शहर के सेक्टर 18 निवासी नरेंद्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी मां बीती देर रात को घर के बाहर बैठी थी। इसी समय 2 युवक मोटर साइकिल पर आए और उसकी मां पर पिस्तौल तानकर कानों की बाली लूट ले गए। वहीं, थाना चांदनी बाग के अंतर्गत बदमाशों ने 2 अन्य स्थानों पर लूटपाट की। बीबीएमबी भिवानी में तैनात एसडीओ चंद्रभान निवासी बवानीखेड़ा, भिवानी व उसके साथी जेई धर्मपाल से बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर 5 हजार रुपये लूट लिए। वे बीबीएमबी पानीपत में एक पार्टी में आए थे और जीटी रोड पर गाड़ी के पास खड़े थे। उधर, बीबीएमबी के नजदीक ट्रक चालक दलजीत निवासी अमृतसर से पिस्तौल के दम पर नकदी लूट कर ले गये।