सिरसा - हरियाणा के सिरसा जिले के 11 गांवों के लोगों ने मिसाल कायम की है। इन गांवों के लोग लंबे समय से घग्गर नदी के ऊपर पुल बनाने की मांग कर रहे थे। नेताओं और अफसरों की उदासीनता को देखते हुए ग्रामीणों ने खुद ही पुल बनाने का फैसला किया और सबने मिलकर करीब एक करोड़ रुपए इकट्ठा किए।
इन पैसों से अलीका और पनिहारी गांवों को जोडऩे के लिए 250 फुट लंबा और 14 फुट चौड़ा पुल बना लिया। पुल का निर्माण अप्रैल 2014 में शुरू हुआ था, जो कि अब करीब-करीब पूरा होने जा रहा है। पुल को बनाने और इसकी देखरेख करने वाली 25 सदस्यों की कमेटी ने स्थानीय संत महंत ब्रह्म दास से इसका उद्घाटन करने की गुजारिश की है। पुल बन जाने के बाद गांव वालों के लिए पंजाब जाना आसान हो जाएगा।