शिमला - हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा राज्य में राशनकार्ड धारकों को अनुदानित दरों पर उपलब्ध करवाई जा रही दालों की कीमतों को लेकर विवाद पैदा हो गया है। प्रदेश सरकार ने एक ही दाल दो अलग-अलग कीमतों पर खरीदने को मंजूरी दी है। नतीजतन सरकार के इस फैसले से उसकी नीयत पर संदेह पैदा हो गया है क्योंकि चने की इस दाल के भाव में 13.77 रुपए का अंतर है।
हिमाचल प्रदेश भाजपा ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खरीदी और उपलब्ध करवाई जा रही इन दालों की खरीद में बड़े पैमाने पर घोटाले का आरोप लगाया है। भाजपा महासचिव और विधायक रणधीर शर्मा ने आज शिमला में पत्रकार वार्ता में दाल खरीद के टेंडर को तुरंत रद्द करने और उन फर्मों से दाल की सप्लाई लेने की मांग की जो कम कीमतों पर यही दालें सप्लाई करने को तैयार हैं।