नई दिल्ली - राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने हरियाणा के सिरसा जिला में एक गर्भवती महिला का उपचार करने से मना करने के मामले का संज्ञान लेते हुए राज्य के मुख्य सचिव को नोटिस जारी किया है। आयोग के यहां जारी वक्तव्य के अनुसार मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि सिरसा के जनरल अस्पताल में छह महीने से इलाज करा रही गर्भवती महिला को अस्पताल ने अचानक एचआईवी से ग्रस्त बताकर उसका उपचार करने से इनकार कर दिया।
इस महिला को प्रसव पीड़ा के बाद गत 24 तारीख को अस्पताल लाया गया था। अस्पताल ने उसे एंबुलेंस देने से भी मना कर दिया । इस महिला को मोटरसाइकिल पर निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उसने एक शिशु को जन्म दिया। निजी अस्पताल ने अपनी जांच में कहा है कि महिला एचआईवी से ग्रस्त नहीं है।