अम्बाला - पिछले एक पखवाड़े से वन रैंक वन पेंशन की मांग को लेकर शहर के पोलिटेक्निक चौक पर क्रमिक अनशन पर बैठे पूर्व सैनिकों का धैर्य आखिरकार टूट गया और गांधीगीरी का रास्ता छोडक़र उन्होंने अपनी मांग को लेकर आज दोपहर अम्बाला-हिसार रोड पर जाम लगा दिया। उन्होंने विदेश राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह का पुतला भी जलाया और केन्द्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस मौके पर एक्स सर्विसमैन वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अतर सिंह मुल्तानी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा की रेवाड़ी में हुई पहली रैली में प्रधानमंत्री ने पूर्व सैनिकों के लिए वन रैंक वन पेंशन देने का वादा किया था और उस रैली में जनरल वीके सिंह भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि वीके सिंह थल सेना अध्यक्ष रहे हैं और केन्द्र में मंत्री होने के नाते उन्हें उनकी मांगों को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री पर दबाव बनाना चाहिए।