रोहतक, 21 फरवरी - हरियाणा राजकीय अध्यापक संघ संबंधित हरियाणा कर्मचारी महासंघ के हजारों अध्यापकों ने दो दिवसीय देशव्यापी हडताल में हिस्सा लिया। हड़ताल का आज पूरे देश तथा प्रदेश में व्यापक असर देखने को मिला। यह दो दिवसीय ऐतिहासिक हड़ताल निजीकरण व ठेका प्रथा के विरोध में की जा रही है।
अध्यापक संघ के महासचिव दिलबाग अहलावत व जिला प्रधान राजकुमार दांगी ने बताया कि स्कूलों को गेस्ट टीचरों के सहारे चलाने की कोशिश की जा रही है। आज की हड़ताल में अध्यापकों के साथ रोडवेज, बिजली बोर्ड व प्रांत के लगभग सभी विभागों के कर्मचारियों ने भाग लिया। हड़ताल के कारण देश भर में जीवन ठहर सा गया है।
अध्यापक संघ ने अंबाला जिले के हरियाणा कर्मचारी महासंघ के नेता की मौत पर दुख व्यक्त किया तथा मौत के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की तथा दिवंगत के परिवार को 50 लाख रूपये मुआवजा व परिवार के सदस्य को नौकरी देने की मांग की। समय रहते सरकार ने उचित कार्यवाही नहीं की तो सरकार को इसके गंभीर परिणाम भुगतनें पड़ेंगे।