चंडीगढ़ - हरियाणा के स्वास्थ्य एवं खेल मंत्री अनिल विज ने कहा कि उनके विभागों में आऊटसोर्सिंग पॉलिसी के तहत कार्यरत सभी कर्मचारियों को तनख्वाह अब चैक के माध्यम से दी जाएगी। इससे विभाग में अनुबन्ध आधार पर कार्यरत कर्मचारियों के साथ होने वाले किसी भी प्रकार के भेदभाव एवं भ्रष्टाचार पर रोक लगेगी।
विज ने कहा कि स्वास्थ्य, आयुष तथा खेल एवं युवा मामले सहित उनके सभी विभागों में यह आदेश लागू होगा। उन्होंने कहा कि आऊटसोर्सिंग के तहत कार्य करने वाले कर्मचारियों को मानदेय अब कैश नही दिया जाएगा, बल्कि उनकी राशि का चैक दिया जाएगा, जोकि बैंक में जमा होंगे। इसके लिए सभी कर्मचारियों को अपने बैंक खाते खोलने अनिवार्य होंगे।
खेल मंत्री ने कहा कि इस प्रकार की शिकायतें मिल रही है कि आऊटसोर्सिंग के तहत काम करने वाले छोटे कर्मचारियों को पूरी तनख्वाह नही दी जाती, जिससे उन्हें आर्थिक हानि एवं मानसिक पीड़ा से गुजरना पड़ता है। इस प्रकार के अनैतिक कार्य पर लगाम लगाने के लिए उन्हें तनख्वाह चैक के माध्यम से दी जाएगी।