शिमला - मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि भूमिहीनों तथा कम भूमि के मालिकाना हक वाले लोगों को नौतोड़ भूमि दी जाएगी। उन्होंने प्रशासन को भूमिहीनों को प्राथमिकता पर नौतोड़ भूमि उपलब्ध करवाने के साथ पानी और बिजली जैसी अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री आज काजा में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। वीरभद्र सिंह ने कहा कि कीर नाला पर शीघ्र ही पुल बना लिया जाएगा और पुल के दोनों ओर दो किलोमीटर सडक़ का कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह पुल गत वर्ष बाढ़ में बह गया था और इस तरह के मामलों पर राजनीति करना प्रदेश हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार घाटी के सभी गांवों को सडक़ नेटवर्क से जोडऩे के लिए प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्पीति क्षेत्र सौर ऊर्जा के माध्यम से विद्युत उत्पादन के लिए सबसे उपयुक्त है और आज शिलान्यासित परियोजना प्रदेश में अपनी तरह की पहली परियोजना है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में इस तरह की और अधिक सौर एवं पवन बिजली परियोजनाएं निर्मित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र काजा को स्तरोन्नत कर मौजूदा 20 बिस्तरों वाले अस्पताल से 50 बिस्तरों का अस्पताल बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि घाटी में दैनिक भोगियों को नियमित करने के संदर्भ में डाटा तैयार किया जा रहा है और इस संदर्भ में शीघ्र ही निर्णय लिया जाएगा।