सोनीपत - सोनीपत जिला कारागार में चरस ले जाने का प्रयास कर रहे एक कैदी को जेल वार्डन ने ड्योडी से काबू किया है। कैदी पेरोल पर घर गया था। वापस लौटने पर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से छुपाकर रखी गई चरस बरामद हुई। कारागार प्रशासन ने कैदी को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपी को फिर से जेल भेज दिया गया है। गांव बुटाना निवासी सुनील को मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में काबू किया गया है। उसे पुलिस ने चूरापोस्त सहित दबोचा था। इसमें उसे अदालत ने 10 वर्ष कैद की सजा सुनाई थी। वह जिला कारागार में सजा काट रहा है। 20 मई को सुनील 20 दिन की पैरोल पर अपने घर गया था।
जब पैरोल अवधि पूरी होने के बाद कारागार में लौटा तो उसकी ड्योडी में तलाशी ली गयी। इसी दौरान कारागार वार्डर ने उसके पास से चरस बरामद की। उसके खिलाफ कारागार उप अधीक्षक सुभाष की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।