पंचकूला - अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 19 जून को प्रात: छह बजे परेड ग्राउंड सेक्टर-5 में योग का पूर्वाभ्यास किया जाएगा। इस अभ्यास में प्रतिभागियों को 21 जून के मुख्य कार्यक्रम की दर्ज पर योग क्रियाएं करवाई जाएगी। उपायुक्त विवेक आत्रेय ने बताया कि मई माह से जिला में तहसील, खंड और जिला स्तर पर योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। इन कार्यक्रमों में पतंजलि योग पीठ के प्रशिक्षकों द्वारा योग के विभिन्न आसनों और क्रियाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इसके अलावा योग अभ्यास से जुड़े विभिन्न संगठन और गैर सरकारी संस्थाएं भी अपने स्तर पर योग प्रशिक्षण व गतिविधियां चला रही है। उन्होंने जिला के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि 21 जून के जिला स्तरीय योग दिवस समारोह के साथ-साथ 19 जून को परेड ग्राउंड सेक्टर-5 में आयोजित की जाने वाली फाइनल रिहर्सल में भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएं। उन्होंने कहा कि मुख्य कार्यक्रम में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, न्यायिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, सभी विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, नेहरू युवा केंद्र के युवक, पंचायती राज संस्थाओं और स्थानीय निकाय के जन प्रतिनिधियों सहित समाज के सभी वर्गों के लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि योगाभ्यास की शुरुआत प्रार्थना से शुरू की जाएगी। इसके बाद गर्दन, कमर और घुटनों के तीन व्यायाम करवाए जाएंगे। इसके बाद योगासन किए जाएंगे। करीब 15 मिनट में चार भागों में चार आसन होंगे। खड़े होकर किए जाने वाले आसनों में ताडासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्धचक्क्रासन, त्रिकोणासन। बैठ कर किए जाने वाले आसनों में भद्रासन, अर्धउष्ट्रासन, शंशाकासनए वक्रासन। पेट के बल लेट कर किए जाने वाले आसनों में भुजंगासन, शलभासन, मक्रासन। पीठ के बल लेटकर किए जाने वाले आसनों में सेतुबंधासन, पवनमुक्तासन और शवसान किए जाएंगे। आसनों के बाद कपालभाती, अनुलोम-विलोम और भ्रामरि प्राणायाम किया जाएगा।