शिमला - भारत सरकार ने इन्दिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय, शिमला और राजेन्द्र प्रसाद चिकित्सा महाविद्यालय, टांडा में अकादमिक सत्र 2015-16 के लिए एम.बी.बी.एस. पाठयक्रम में 200 विद्यार्थियों के दाखिले की अनुमति प्रदान की है। प्रत्येक कॉलेज में एम.बी.बी.एस. की 100-100 सीटें रहेंगी। भारत सरकार ने भारतीय चिकित्सा परिषद की संस्तुतियों को मंजूरी प्रदान की है।
भारतीय चिकित्सा परिषद ने डॉ. राजेन्द्र प्रसाद चिकित्सा महाविद्यालय, टांडा का औचक निरीक्षण कर कुछ कमियों को इंगित किया था, जिन्हें प्रदेश सरकार ने दूर किया है। भारतीय चिकित्सा परिषद ने मंजूरी के लिए अन्तिम संस्तुति भेजने से पूर्व नियमों की अनुपालना की पुष्टि के लिए 8 अप्रैल को एक और औचक निरीक्षण किया था।