पंचकूला - हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि 21 जून, 2015 को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को राज्य में गरिमापूर्ण ढंग से मनाया जाएगा। 100 से अधिक स्थानों पर योग के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री सोमवार को पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल खेल परिसर के क्रिकेट ग्राउंड में योगऋषि स्वामी रामदेव के नेतृत्व में आयोजित दो दिवसीय प्रथम अंतरराष्ट्रीय योग प्रशिक्षण का शुभारंभ करने उपरांत बोल रहे थे।
प्रशिक्षण में पंजाब व हरियाणा उच्च न्यायालय के अनेक न्यायाधीश, हरियाणा मंत्रिमंडल के मंत्री, सांसद, विधायकों के अलावा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि योग हमारी प्राचीन पद्घति है। आज से हजारों वर्ष पूर्व हमारे ऋषि मुनि पूरे विश्व में योग का संदेश लेकर जाते थे, जिस कारण भारत को विश्व योग गुरु का दर्जा प्राप्त था। विश्व योग गुरु के उसी दर्जे को पुन: प्राप्त करवाने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व स्वामी राम देव का अहम योगदान है।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन करनाल में किया जा रहा है, जहां पर 21000 लोग भाग लेंगे। बाबा रामदेव ने योग दिवस के लिए तैयार किए गए योग प्रोटोकाल के बारे में विस्तृत जानकारी दी। 21 जून को पूरे देश के 650 जिलों में पतंजलि योग समिति के सदस्यों द्वारा योगासन करवाए जाएंगे। हरियाणा के शिक्षा मंत्री राम बिलास शर्मा ने कहा कि योग हमारी प्राचीन धरोहर है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि 21 जून को 190 देशों में योग मनाया जा रहा है।