चंडीगढ़ - इनेलो के वरिष्ठ नेता एवं हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं, महिलाओं, कर्मचारियों, किसान, गरीब मजदूर, छोटे दुकानदार को झूठे नारे देकर केवल बरगलाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सरकार स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट तुरंत लागू करने के साथ अपने सभी चुनावी वादे पूरे करे। कांग्रेस सरकार ने दस साल में जितने घोटाले किए हैं, भाजपा अब उन पर चुप है। अभय चौटाला रविवार को कुरुक्षेत्र, यमुनानगर व पंचकूला में आयोजित पार्टी के जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
कार्यकर्ता सम्मेलन की अध्यक्षता इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने की। बैठक में राज्यसभा सांसद रामकुमार कश्यप, पिहोवा के विधायक जसविंद्र सिंह संधू, माया राम चंद्रभानपुर के अलावा यमुनानगर के सम्मेलन को पूर्व विधायक बिशनलाल सैनी, डा. मलिक चंद व इशवर पलाका ने और पंचकूला के सम्मेलन को पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी सहित पार्टी के अनेक प्रमुख नेताओं ने भी संबोधित किया। हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा ने चुनाव के समय लोगों से अनेक लुभावने वादे किए, लेकिन उनमें से कोई भी वादा पूरा नहीं किया। वन रैंक-वन पेंशन के नाम पर पूर्व सैनिकों को ठगने का काम किया है।
बीजेपी आज अपने सारे वादों से मुकर गई है। बीजेपी सरकार ने न तो दो हजार बुढ़ापा पेंशन दी, न ही नौ हजार बेरोजगारी भत्ता, न ही स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू की और न ही किसी के खाते में 15 लाख रुपए आए। इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने कहा कि आज वैसे तो समाज का हर वर्ग सरकार से बेहद दु:खी है, लेकिन किसानों की हालत सबसे ज्यादा खराब है। पहले बासमती धान व नरमा कपास को लेकर किसानों को पिछले साल के मुकाबले करीब दो हजार रुपए प्रति किवंटल रेट कम मिले, वहीं खाद को लेकर महिलाओं को थानों में लाइनें लगानी पड़ी।
प्रदेश में बिजली के लिए हाहाकार मची हुई है और भाजपा सरकार नो डिमांड बताकर थर्मल की यूनिटें बंद कर रही है। सम्मेलन में रामकरण, सुरेंद्र, कुलदीप, बूटा सिंह लुखी, नरेंद्र, संदीप, मनु जैन, ओमप्रकाश, मनोज, पवन, रामस्वरूप, जसविंद्र, धर्मपाल, शैलेंद्र, दिनेश, रणबीर, सुरेश, कुलदीप, चंद्रभान, रणदीप, दीपक, सूबे सिंह, सतबीर, योगेश, सुरजीत कौर, कलावती सहित सैकड़ों पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।