सरकाघाट - सरकाघाट थाने के तहत जुकैण पंचायत के मतेहड़ में एक कलियुगी बेटे ने अपने पिता को गोली दाग मौत के घाट उतार दिया है। कलियुगी बेटे ने सिर और छाती पर तीन गोलियां दाग इस वारदात को अंजाम दिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया है।
आईपीसी की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई भी शुरू कर दी है। मृतक की पहचान उदयभान निवासी मतेहड़ के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने पिता को मौत के घाट उतारने वाले बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं उसके पास से पिस्टल भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार किए गए आरोपी को पुलिस शनिवार को कोर्ट में पेश करेगी। बताया जा रहा है कि बाप को मौत के घाट उतारने वाला बेटा आर्मी से रिटायर हुआ है।
पुलिस ने इस मामले में मौके पर से साक्ष्य जुटा जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेज दिए हैं। मृतक उदयभान (62) स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। आरोपी विजय कुमार (40) सबसे बड़ा है और वह आर्मी से रिटायर हुआ है। वह लंबे समय से पिता से पुश्तैनी संपत्ति उनके नाम करने की मांग कर रहे थे। उदयभान ने उनकी मांग की अनदेखी की, जिससे बेटे पिता से खफा थे।
शुक्रवार को उदयभान का बेटा विजय कुमार सुबह सात बजे करीब मतेहड़ी पहुंचा और और अपने पिता को गालियां देने लगा और उसे ललकारने लगा। उदयभान जैसे ही घर से बाहर आया तो उसके बेटे विजय ने उसके सिर पर दो और छाती में एक गोली दाग दी, जिससे उदयभान की मौके पर मौत हो गई है।