फरीदाबाद - अपराध शाखा बल्लभगढ़ की टीम ने मंगलवार रात को सेक्टर 65 के निकट राहगीरों को लूटने की योजना बनाते 5 हथियार बंद युवकों को दबोचने में सफलता हासिल की है। आरोपियों ने पूछताछ के दौरान बाइक चोरी की करीब 30 वारदात कबूली हैं। आरोपी पलवल फरीदाबाद से बाइकों को चुरा कर मेवात ले जाते थे।
पुलिस के मुताबिक अपराध शाखा के एएसआई जमालुद्दीन को सूचना मिली कि सेक्टर 65 के निकट बाइपास रोड ग्रीन बेल्ट में बैठे पांच युवक पास में ही स्थित एक कोठी को लूटने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर एएसआई ने टीम के साथ रेड कर मौके से युवकों को दबोच लिया। पूछताछ पर आरोपियों ने अपने नाम वसीम व काला निवासी मेवात, मनोज व ईश्वर निवासी अंबेडकर नगर दिल्ली और बिट्टू निवासी आदर्श नगर बल्लभगढ़ बताया। इन आरोपियों से एक देसी कट्टा, एक रॉड व एक साइकिल की चेन बरामद हुई। इन आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे गली या सडक़ पर खड़ी बाइक को चुरा कर ले जाते थे और मेवात में बेच देते थे। यही नही ये कई बार आते जाते लोगो को भी लूट लेते थे।
क्राइम ब्रांच पुलिस के इंचार्ज विश्व गौरव का कहना है की ये आरोपी फरीदाबाद और पलवल से वारदातो को अंजाम देते थे। आरोपियों से और भी वारदातों का खुलासा होने की उ मीद है पुलिस जल्द ही आरोपियों के द्वारा चुराई गई बाइकों को बरामद कर लेगी। एक आरोपी वसीम ने पुलिस के सामने बाइक चुराने का डेमो भी करके दिखाया। उसका कहना था की उसके पास जो चाबी है, उससे वह बाइक के लॉक को तोडने में पांच सैकेंड लगते है और रफूचक्कर हो जाते है।