नालागढ़ - थाना नालागढ़ के अंतर्गत आने वाले गांव बनसाई (सिलणुपुल) निवासी एक ट्रक चालक देशराज की जहरीला पदार्थ निगलने से संदिग्ध हालत में मौत हो गई। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है तथा मंगलवार को पोस्टमार्टम नहीं हो पाया और अब बुधवार को पीजीआई में पोस्टमार्टम होगा, वहीं देशराज के पिता जोगिंद्र सिंह ने ट्रक मालिक पर बेटे को मारने का आरोप लगाया है तथा पुलिस अधिकारियों से मांग की कि इस मामले की जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
मृतक के पिता ने बताया कि ट्रक मालिक व अन्य लोगों ने पहले देशराज पर चोरी का झूठा आरोप लगाया व फिर उसकी पिटाई की, जिससे उसके शरीर पर चोटों के निशान हैं। उन्होंने बताया कि ट्रक मालिक ने उन्हें बताए बगैर पहले देशराज को नालागढ़ अस्पताल में पहुंचाया और फिर वहां से रैफर करने के बाद पीजीआई पहुंचाया तथा जब उन्हें कहीं और से पता चला तो भी ट्रक मालिक आनाकानी करता रहा तथा जब गत रात देशराज की मौत हो चुकी थी, तब भी मालिक ने उसे यह कहा कि आपका बेटा ठीक है। उन्होंने बताया कि बेटे की मौत हो जाने के बाद मालिक लाश को पीजीआई में छोडक़र वहां से चला गया।
जानकारी के अनुसार करीब 24 वर्षीय देशराज पुत्र जोगिंद्र सिंह निवासी बनसाई, सिलणुपुल, तहसील नालागढ़ एक ट्रक पर चालक था तथा वह सोमवार को करीब 8 बजे घर से निकला था। देशराज जिस ट्रक पर चालक था, वह ट्रक गत दिनों चोरी हो गया था जिसका आरोप उसके ऊपर लगा था तथा इसी को लेकर कुछ लोगों ने उसकी पिटाई की थी। परिजनोंं को मंगलवार सुबह पता चला कि देशराज की मौत हो गई है।
थाना नालागढ़ में पीजीआई से सूचना मिली कि देशराज की मौत हो गई जिसके बाद थाना प्रभारी नालागढ़ कमल कुमार की अगुवाई में टीम पीजीआई गई। डीएसपी नालागढ़ खजाना राम ने बताया कि ट्रक चालक देशराज की मौत के कारणों के बारे में छानबीन की जा रही है। बुधवार को पीजीआई में पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। मौत के सही कारण तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेंगे।