कैथल - गोली मारकर जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित भगोड़े आरोपी को पीओ प्रकड़ो प्रकोष्ठ ने करीब छह साल बाद गिरफ्तार कर उसके खिलाफ अदालत के आदेश की अवहेलना के आरोप में मामला दर्ज कर दिया है। आरोपी मंगलवार को न्यायालय के आदेश अनुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। डोहर वासी ईश्वर सिंह आठ जून, 2009 की रात खेत में बने मकान के बाहर सोया हुआ था।
दबे कदम किसी के आने की आवाज सुनकर वह बैठा तो चंद कदम की दूरी से अज्ञात व्यक्तियों ने पिस्तौल से गोली दाग दी, जो उसके दाएं कंधे में लगी। शोर होने उपरांत आरोपी दूसरा फायर करते हुए फरार हो गए थे। इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से सन्नी दयोल वासी सौंगरी जमानत मिलने उपरांत भूमिगत था, जिसे अदालत ने पीओ करार दे दिया था। भगोड़ा पकड़ो प्रकोष्ठ प्रभारी सब-इंस्पेक्टर उमेद सिंह ने आरोपी को करीब छह वर्ष बाद पुन: गिरफ्तार किया।